भोपाल. मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है. मंडल ने प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प (इंटरनल चॉइस) की व्यवस्था को लेकर पहले जारी किए गए निर्देशों में आंशिक संशोधन किया है. इसके तहत अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दो अंकों के अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में भी विद्यार्थियों को विकल्प मिलेगा.
इसका मतलब है कि परीक्षा के दौरान छात्र दो अंकों वाले सवालों के जवाब देने के लिए दिए गए विकल्पों में से किसी एक प्रश्न का चयन कर सकेंगे. इससे विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
15 अक्टूबर के आदेश में किया गया संशोधन
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में विज्ञप्ति क्रमांक 465/विद्योचित/2026 में संशोधन जारी किया है. गौरतलब है कि मंडल ने 15 अक्टूबर 2026 को प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे. अब नए संशोधन के तहत स्पष्ट किया गया है कि सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं में दो अंकों के प्रश्नों में भी पिछले वर्ष की तरह इंटरनल चॉइस की सुविधा दी जाएगी.
सिर्फ सत्र 2026-27 के लिए लागू रहेगी व्यवस्था
मंडल ने साफ किया है कि यह बदलाव फिलहाल केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रभावी रहेगा. 15 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के बाकी सभी निर्देश और निर्णय पहले की तरह लागू रहेंगे. संशोधन सिर्फ दो अंकों के अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प देने से संबंधित है. इस फैसले से 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर देने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे, जिससे परीक्षा के दौरान उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

