CG: 540 करोड़ के कोयला घोटाले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की जमानत खारिज

CG: 540 करोड़ के कोयला घोटाले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की जमानत खारिज

प्रेषित समय :15:45:46 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ के चर्चित 540 करोड़ रुपये के कोयला लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को बड़ा झटका लगा है. हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है. जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता के संकेत पाए.

जांच एजेंसी का आरोप है कि रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए अवैध वसूली की रकम में से 104.20 करोड़ रुपये देवेंद्र डड़सेना के माध्यम से पार्टी तक पहुंचाए थे. जांच में उनके और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है.

25 रुपये प्रति टन के हिसाब से होती थी अवैध वसूली

मामला एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 से जुड़ा है. अभियोजन के मुताबिक, प्रदेश में ऑनलाइन कोयला परिवहन परमिट व्यवस्था खत्म कर मैनुअल सिस्टम लागू किया गया था. इसी व्यवस्था के जरिए कोयला परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली किए जाने का आरोप है.

जांच एजेंसी के अनुसार, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में लगभग 540 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी. ईडी की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को इस मामले में 35 आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी.

बचाव पक्ष ने सहयोग और मुकदमे में देरी का दिया हवाला

रामगोपाल अग्रवाल की ओर से पेश वकीलों ने जमानत की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और अब हिरासत में रखकर पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं है. बचाव पक्ष ने मुकदमे में देरी और कुछ सह-आरोपितों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत देने की मांग की.

सरकार ने संपत्तियों और रकम के स्रोत पर उठाए सवाल

राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत याचिका का विरोध किया. सरकार ने अदालत में दलील दी कि कथित अवैध रकम से खरीदी गई संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई है. साथ ही, उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की बात जांच में सामने आने का हवाला दिया गया.

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने अपराध की गंभीरता के आधार पर रामगोपाल अग्रवाल को नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया. हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत याचिका पर आदेश में की गई टिप्पणियों का मुख्य मुकदमे की सुनवाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-