गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

प्रेषित समय :16:02:38 PM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वडोदरा.गुजरात में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ATS ने वडोदरा से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में उसके पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है. आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं. सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं.

जरोद बस स्टैंड के पास दबोचा गया संदिग्ध

जानकारी के मुताबिक, गुजरात ATS को खुफिया इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ वडोदरा के जरोद इलाके से गुजर सकता है. इसके बाद शुक्रवार को ATS की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और एक वाहन को रोककर तलाशी ली. इस दौरान हथियार और कारतूस मिलने पर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया.

असम का रहने वाला है आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से असम का निवासी है और कुछ समय पहले गुजरात आया था. जांच एजेंसियों को उसके प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संपर्क होने का संदेह है. हालांकि, ATS ने फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है. पूछताछ के लिए उसे अहमदाबाद स्थित ATS मुख्यालय ले जाया गया है.

छह महीने से एजेंसियों की निगरानी में था संदिग्ध

रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां पिछले छह महीने से अधिक समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं. खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया. अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे और क्या उसका किसी अन्य संदिग्ध नेटवर्क से भी संबंध है.

गुजरात में पहले भी सामने आ चुका है जैश का नेटवर्क

गौरतलब है कि गुजरात में इससे पहले भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है. 3 जुलाई 2026 को गुजरात ATS और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर गुजरात और मध्य प्रदेश से आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था. मौजूदा गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-