दमुआ थाने में लोकायुक्त का छापा, 50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथों पकड़ा

दमुआ थाने में लोकायुक्त का छापा, 50 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथों पकड़ा

प्रेषित समय :14:54:29 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छिंदवाड़ा. जिले में लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दमुआ थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी प्रधान आरक्षक धरमदास यादव पर चेक बाउंस के एक मामले में खात्मा (खारजी) लगाने के बदले फरियादी से एक लाख रुपए मांगने का आरोप है. शनिवार को लोकायुक्त की टीम ने थाने के अंदर ही कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया.

लोकायुक्त इंस्पेक्टर राहुल गजभिए के मुताबिक, दानिश अंसारी से जुड़े चेक बाउंस के एक मामले की शिकायत दमुआ थाने में की गई थी. इस मामले की जांच प्रधान आरक्षक धरमदास यादव कर रहा था. आरोप है कि मामले में खात्मा लगाने की कार्रवाई के बदले उसने फरियादी से एक लाख रुपए की मांग की थी. रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने दो दिन पहले लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि की. इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई गई. तय योजना के मुताबिक, शनिवार को फरियादी 50 हजार रुपए की पहली किस्त लेकर दमुआ थाने पहुंचा. जैसे ही प्रधान आरक्षक धरमदास यादव ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में टीम शामिल रही. इसमें निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-