भोपाल. कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी के मामले में मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिली है. प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं दी गई है. राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने भी कैबिनेट की अनुशंसा पर मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस फैसले से प्रभावित पक्ष इसे चुनौती दे सकता है. फिलहाल मामले की सुनवाई बिना अगली तारीख निर्धारित किए टाल दी गई है.
SIT जांच के बाद अभियोजन की हुई थी सिफारिश
यह मामला ऑपरेशन सिंदूर के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह की विवादित टिप्पणी से जुड़ा है. टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था. जांच पूरी होने के बाद मंत्री के खिलाफ अभियोजन चलाने की सिफारिश की गई थी. हालांकि, राज्य सरकार की कैबिनेट ने अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया. इसके बाद राज्यपाल ने भी कैबिनेट की अनुशंसा पर सहमति जताते हुए अनुमति नहीं दी.
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
मामले में सरकार के रुख को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार अपने मंत्री को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है. पटवारी ने कहा कि देश की जांबाज बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद SIT की जांच पूरी हुई और अभियोजन की सिफारिश भी की गई, लेकिन सरकार की कैबिनेट ने मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया.
कांग्रेस बोली- न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं
जीतू पटवारी ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार में मंत्री होना कानून से बचने का कवच बन गया है? उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रभावित पक्ष को सरकार के फैसले को चुनौती देने का रास्ता दिया है. ऐसे में न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंत्री को बचाने की राजनीति की जा रही है. उन्होंने कहा कि सेना की गरिमा, संविधान और न्याय किसी भी सत्ता से ऊपर हैं तथा जनता को सत्ता-संरक्षित न्याय स्वीकार नहीं है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

