ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियों की अनुमति लेने का आरोप, टीएंडसीपी ने बिल्डरों को जारी किए नोटिस

ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियों की अनुमति लेने का आरोप, टीएंडसीपी ने बिल्डरों को जारी किए नोटिस

प्रेषित समय :19:35:41 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर। नगर तथा ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) ने ग्राम केदारपुर में करीब 16.074 हेक्टेयर भूमि पर जारी तीन अलग-अलग आवासीय विकास अनुमतियों में कथित अनियमितताओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने संबंधित बिल्डरों, रियल एस्टेट फर्मों और एक गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित बिल्डरों ने कॉलोनियों के विकास की अनुमति लेते समय जमीन से जुड़े न्यायालय के स्थगन आदेशों (स्टे) की जानकारी छिपाई और गलत जानकारी देकर अनुमतियां हासिल कीं।

कोर्ट के आदेश छिपाकर अनुमति लेने का आरोप

कार्यालय संयुक्त संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश ने 14 फरवरी 2025 को ग्राम केदारपुर के सर्वे नंबर 55/2, 55/4, 56, 57/3, 57/1 और 60/2/3 की कुल 3.843 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भूखंडीय विकास की अनुमति जारी की थी।

यह अनुमति तिरुपति बिल्डर्स (पार्टनर रीतेश गुप्ता और मयंक गर्ग), विनम्र रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड (डायरेक्टर कमला शिवहरे) और कृष्णा ग्रीन पार्क (पार्टनर राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद्र चौरसिया और आदित्य गुप्ता) के नाम जारी की गई थी।

लश्कर की गीता कॉलोनी निवासी अरविन्द अग्रवाल ने 16 नवंबर 2026 को विभाग में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि बिल्डरों ने महत्वपूर्ण न्यायिक आदेशों की जानकारी छिपाकर और गलत तथ्य प्रस्तुत कर विकास अनुमतियां प्राप्त की हैं।

शिकायत के अनुसार, मारुति नंदन एडिफाईस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर एक मामले में ग्वालियर के षष्ठम जिला न्यायाधीश ने 14 अगस्त 2025 को अस्थायी निषेधाज्ञा जारी कर भूमि के विक्रय पर रोक लगाई थी। आरोप है कि इस आदेश की जानकारी टीएंडसीपी विभाग को नहीं दी गई।

इसके अलावा, उच्च न्यायालय ने एमए क्रमांक 4918/2022 में 3 दिसंबर 2024 को अविभाजित 1/5 हिस्से के विक्रय पर रोक और यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पक्षकारों के बीच भूमि का विधिवत बंटवारा हुए बिना विक्रय पत्र निष्पादित कर विकास अनुमति प्राप्त कर ली गई। सर्वे क्रमांक 51/7-क पर न्यायालय और उच्च न्यायालय के स्थगन तथा यथास्थिति आदेश होने के बावजूद बिल्डरों ने भूमि को अपने अनुबंधित स्वामित्व का हिस्सा बताकर अनुमति हासिल की।

कृष्णा ग्रीन पार्क के सात साझेदारों को नोटिस

टीएंडसीपी ने ग्राम केदारपुर में एक अन्य आवासीय भूखंडीय विकास परियोजना की अनुमति में कथित अनियमितताओं को लेकर कृष्णा ग्रीन पार्क के सभी सात साझेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

टीएंडसीपी कार्यालय ने 24 जून 2026 को सर्वे क्रमांक 416/1/2, 416/2/2 और 417/2/2 की कुल 2.564 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय विकास की अनुमति जारी की थी।

यह अनुमति फर्म के साझेदार राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद्र चौरसिया, आदित्य गुप्ता, सुनील खंडूजा, सानिया कुकरेजा, रीतेश गुप्ता और मयंक गर्ग के नाम जारी की गई थी। विभाग ने इस परियोजना में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर संबंधित साझेदारों से जवाब मांगा है।

9.66 हेक्टेयर भूमि के प्रोजेक्ट में विशाल खंडूजा को नोटिस

एक अन्य बड़े आवासीय विकास प्रोजेक्ट के मामले में टीएंडसीपी ने गोपाल विलास गृह निर्माण सहकारी समिति, ग्वालियर के अध्यक्ष विशाल खंडूजा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

टीएंडसीपी कार्यालय ने 12 फरवरी 2025 को ग्राम केदारपुर स्थित सर्वे क्रमांक 413/2, 414, 415, 538, 539/1, 62/1, 62/2 और 63/2/2 की कुल 9.6670 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भूखंडीय विकास की अनुमति जारी की थी।

यह अनुमति विशाल खंडूजा (गोपाल विलास गृह निर्माण सहकारी समिति) के नाम पर जारी की गई थी। अब इस परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-