इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर के जामोदी निवासी 65 वर्षीय अनोखीलाल हरीशचंद्र जाट को छह लोगों ने बंधक बना लिया, जिसमें कथित तौर पर एक थानेदार भी शामिल था, निर्वस्त्र कर उसके पास आपत्तिजनक सामग्री व गोलियां रख दीं. एक युवती के साथ अश्लील वीडियो बना लिया और 10 लाख रुपये की मांग की. उसे जमकर पीटा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छोड़ दिया. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
टीआइ राजेंद्र सोनी के मुताबिक किसान ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व अज्ञात नंबरों से उसके पास जमीन खरीदने के सिलसिले में फोन आया था. किसान ने कहा गांव में सरदार की जमीन बिकाऊ है. शुक्रवार को उसे सौदे के संबंध में बातचीत करने के लिए सांवेर रोड़ स्थित कालिंदी गोल्ड सिटी में बुलाया.
चर्चा के बहाने एक मकान में ले गए और तीन युवकों ने पकड़ लिया. उससे कहा कि तू यहां बलात्कार करने आया है. एक युवती को पास में बैठा दिया, तभी एक अन्य व्यक्ति को बुलाया और कहा यह थानेदार है. किसान को निर्वस्त्र कर दिया और उसके वस्त्रों में आपत्तिजनक सामग्री, गोलियां व अन्य सामान रखकर फोटो व वीडियो बना लिया. दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 10 लाख रुपयों की मांग की.
उसके साथ जमकर मारपीट की. जैसे-तैसे किसान आरोपितों के कब्जे से छूटा और घर पहुंचा. उसने बेटे कपिल को पूरा घटनाक्रम बताया और परिचित के माध्यम से डीआइजी हरिनारायणाचारी मिश्र के पास पहुंचा. डीआइजी ने थाने पर कॉल कर तत्काल केस दर्ज करवा दिया. टीआइ के मुताबिक गिरोह में धर्मेंद्र नामक व्यक्ति भी शामिल था. देर रात आरोपितों के ठिकानों पर दबिश दी गई है. मुख्य आरोपित तो फरार हो गए, लेकिन कुछ साथियों को हिरासत में ले लिया.


