प्रयागराज. यूपी पुलिस के एक ऐसे हेड कांस्टेबल हैं जो बड़ी मूछों का शौक रखते हैं. यही मूछें आज इनकी पहचान बन चुकी हैं. आजकल ये प्रयागराज के संगम तट पर लगे माघ मेले में ड्यूटी पर आए हैं, लेकिन हजारों पुलिसकर्मियों के बीच अपनी शानदार मूछों के लिए ये लोगों के बीच सुर्खियों में बने हुए हैं. लोगों के साथ ही अपने सहकर्मियों में भी इनके साथ सेल्फी खिंचाने की होड़ मची है.

प्रयागराज में संगम तट पर लगे माघ मेले में सुरक्षा के लिए पांच हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इन्हीं पुलिसकर्मियों में कौशाम्बी जिले में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात सीबी शुक्ला की भी ड्यूटी लगायी गई है. अपने एक खास शौक की वजह से हजारों पुलिसकर्मियों के बीच भी हेड कांस्टेबल सीबी शुक्ला भीड़ से बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं.

रौबदार चेहरे वाले हेड कांस्टेबल सीबी शुक्ला अम्बेडकर नगर जिले के रहने वाले हैं. पुलिस में भर्ती होने के बाद ही उन्हें मूछें रखने का शौक हुआ, जिसके बाद पिछले 35 सालों से इसी तरह मूछें रखे हुए हैं. हालांकि, धार्मिक मान्यताओं के चलते 4 वर्ष पूर्व अपने पिता के निधन पर उन्हें मूछें हटानी पड़ी थी, लेकिन शौक जारी रहा और इन्होंने दोबारा फिर से मूछें रख लीं.

वह बताते हैं कि दरअसल मूछें रखने का शौक कोई आसान नहीं है. इसके लिए इन्हें काफी परिश्रम करना पड़ता है और इनकी देखभाल भी करनी पड़ती है. हर दिन तैयार होने पर पन्द्रह से बीस मिनट का समय जहां मूछों को संवारने में देना पड़ता है. वहीं, मूछों को सेट कराने के लिए भी खास नाई है, जिससे ही मूछें की कटिंग और सेटिंग कराते हैं.

हेड कांस्टेबल सीबी शुक्ला के मुताबिक मूछें ही उनकी पहचान बन चुकी हैं. उनके साथी पुलिसकर्मियों और आला अधिकारियों द्वारा जहां उन्हें मूछों को लेकर प्रोत्साहन और शाबासी दी जाती है. वहीं, माघ मेले में लोग उनकी मूछें देखकर उनसे साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने भी आ रहे हैं. माघ मेला में गाजीपुर से ड्यूटी पर आये कांस्टेबल जय प्रकाश भी सीबी शुक्ला की मूछों से खासे प्रभावित नजर आ रहे हैं. हालांकि, जय प्रकाश नये दौर के पुलिसकर्मी हैं और क्लीन शेव रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सीबी शुक्ला का ये शौक बेहद पसंद आ रहा है.