मुंबई. अच्छे ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी है. 8 फरवरी के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. सेंसेक्स आज 51350 के पार निकल गया. वहीं निफ्टी भी 15100 के करीब है. फिलहाल सेंसेक्स में करीब 630 अंकों की तेजी है और सह 51360 के स्तर पर दिख रहा है.
वहीं निफ्टी में 170 अंकों की मजबूती है और यह 15098 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. आज शेयर बाजार में अच्छी खरीददारी देखने को मिल रही है. लॉर्जकैप शेयरों में अच्छी तेजी है. बैंक और फाइनेंशियल सहित हर सेक्टर में खरीददारी है.
बजट के बाद से पीएसयू बैंक शेयरों में रैली जारी है. महिंद्रा एंड महिंद्रा और एसबीआई आज के टॉप गेनर्स हैं. वहीं एनटीपीसी और बजाज आटो टॉप लूजर्स हैं. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो आज एशियाई बाजारों में तेजी है. वहीं शुक्रवार को तीनों अमेरिकी बाजार मजबूत होकर बंद हुए.
8 फरवरी के कारोबार में लॉर्जकैप शेयरों में अच्छी तेजी है. सेंसेक्स 30 के 27 शेयर हरे निशान में देखने को मिल रहे हैं. एमएंडएम में 10 प्रतिशत की तेजी है तो एक्सिस बैंक में करीब 3.5 फीसदी तेजी है.
वहीं आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, ओएनजीसी, कोटक बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनेंस और पावरग्रिड भी टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल हैं. जबकि एनटीपीसी और बजाज आटो में कमजोरी देखी जा रही है.
शेयर बाजार में आज चौतरफा खरीददारी है. निफ्टी के प्रमुख 12 इंडेक्स में सभी 12 हरे निशान में हैं. बैंक इंडेक्स में 2 प्रतिशत से ज्यादा तेजी है. पीएसयू बैंक इंडेक्स भी 2 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ है. फाइनेंशियल और रियल्टी इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं. आटो इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा तेजी है. अन्य सभी इंडेक्स भी मजबूत दिख रहे हैं.

