उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में फ्रीगंज स्थित पाटीदार अस्पताल में रविवार सुबह 11.30 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया. अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस-प्रशासन का दल मौके पर पहुंचा. अस्पताल में भर्ती सभी 80 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया. इनमें कई कोरोना संक्रमित भी थे. झुलसे चार मरीजों को समीप के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती किया गया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा गया. इस दौरान अस्पताल के आइसीयू वार्ड के बेड सहित अन्य सामान जल गए. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आग आइसीयू वार्ड के समीप की जगह पर शार्ट सर्किट के कारण लगी. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी जांच कर रहे हैं, कोई और कारण भी सामने आ सकता है. कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है. आइसीयू के दो वार्डों में भर्ती 30 मरीजों को आरडी गार्डी भेजा गया है. इसके अलावा आग में झुलसे चार मरीजों का इलाज भी जारी है. ये मरीज भी खतरे से बाहर हैं.
अस्पताल में 350 लोग थे
पाटीदार अस्पताल में जिस वक्त आग लगी, उस समय 350 लोग वहां मौजूद थे. अगर समय पर दमकलकर्मी नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के 25 वाहन लगाए गए थे. इसके अलावा मरीजों को शिफ्ट करने के लिए 30 एम्बुलेंस लगा दी गई थीं. कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि भविष्य में किसी अस्पताल में इस तरह की घटना न हो इसके लिए कदम उठाएंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-
Leave a Reply