#Rajasthan दौसा में ब्राह्मण फेडरेशन की बैठक में कई मुद्दो पर चर्चा होगी!

#Rajasthan दौसा में ब्राह्मण फेडरेशन की बैठक में कई मुद्दो पर चर्चा होगी!

प्रेषित समय :11:01:52 AM / Sun, Aug 6th, 2023

जयपुर (व्हाट्सएप- 8302755688). ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन की राजस्थान के दौसा में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ज्योति की अध्यक्षता में होने जा रही बैठक में विभिन्न मुद्दो पर चर्चा होगी। बैठक के लिये जारी सूचना में ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित पदमप्रकाश शर्मा ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देशभर से आ रहे ब्राह्मण फेडरेशन पदाधिकारी विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श करेंगे, जिसके अनुरूप प्रस्ताव पारित कर आगामी कार्ययोजना तय की जायेगी।

उन्होने बताया कि ब्राह्मण समाज ने सदैव सभी के कल्याण व प्रगति की कामना की है और इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा, साथ ही सरकार से अपेक्षा करता हैं कि आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को शिक्षा, रोजगार, कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन और प्रगति के अवसर मिलें, इस बाबत प्रयास किये जायें।

इसी तरह ब्राह्मण फेडरेशन चाहता हैं कि देवस्थान व मन्दिरों को सरकार व राजनीतिक दलों के नियंत्रण व व्यवस्था से मुक्त करने की प्रक्रिया पूर्ण हो ताकि देवस्थान व मंदिरों का संचालन बिना भेदभाव व नियंत्रण के साथ प्रभावी ढंग से हो सके। राष्ट्रीय महामंत्री पण्डित शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण फेडरेशन महिला सशक्तीकरण एवं महिला कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन चाहता है ताकि महिलाओं की योग्यता व प्रतिभा के अनुरूप शिक्षा, रोजगार आदि मिले व उनके सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त हो।

उन्होने कहा कि सरकार से अपेक्षा है कि युवाओं को अच्छी शिक्षा व आवश्यक रोजगार उपलब्ध हो तथा युवा सशक्तीकरण के माध्यम से देश की समस्त व्यवस्थाओं में युवाओं की भूमिका सुनिश्चित हो ताकि उनकी योग्यता व क्षमता का राष्ट्र निर्माण में उपयोग हो सके। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण फेडरेशन की ओर से ब्राह्मण समाज के किशोरों, प्रतिभाओं, युवाओं, व्यापारियों, सेलिब्रिटीज, महिलाओं, रोजगार से जुड़े लोगों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने एक सशक्त मंच का निर्माण व उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि देष के ब्राह्मण के प्रतिनिधि, वैश्विक स्तर पर ब्राह्मण समुदाय से जुड़ाव रखने वाले सशक्त संगठन ऑल इण्डिया ब्राह्मण फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक 8 व 9 अगस्त 2023 को दौसा राजस्थान में ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ज्योति के सानिध्यं में होने जा रही है, जिसमें ब्राह्मण समाज से सम्बद्ध विभिन्न विषयों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किये जायेंगे। बैठक में भाग लेने ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित पदमप्रकाश शर्मा, सलाहकार श्रीभगवान शर्मा, कोषाध्यक्ष एडवोकेट केशवराव कोंडापल्ली, नेपाल व बांग्लादेश के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी, देश के 31 राज्यों के प्रतिनिधियों सहित राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित केसरीचन्द्र शर्मा, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष पराशर एवं महासभा पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया हैं।

बैठक आयोजन हेतु संयोजक की जिम्मेदारी ब्राह्मण फेडरेशन के उपाध्यक्ष व दौसा महासभा जिलाध्यक्ष पंडित गजाधर शर्मा को सौंपी गई है। ब्राह्मण फेडरेशन उपाध्यक्ष लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि- इस दौरान ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ज्योति एवं महामंत्री पंडित पदमप्रकाश शर्मा देश के विभिन्न राज्यों के प्रादेशिक पदाधिकारियों, ब्राह्मण फेडरेशन के जोन प्रभारियों तथा स्थानीय संगठन प्रतिनिधियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव अश्विनी तिवारी व रमेश ओझा ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में खुले सत्र एवं चर्चा के दौरान विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक क्रियाकलापों पर विचार विमर्श किया जायेगा।  महामंत्री पंडित पदमप्रकाश शर्मा ब्राह्मण फेडरेशन की पूर्व बैठक के दौरान पारित प्रस्तावों की प्रगति व भावी कार्ययोजना की जानकारी देंगे तथा कोषाध्यक्ष एडवोकेट केशवराव कोंडापल्ली ब्राह्मण फेडरेशन के लेखा विवरण की जानकारी देंगे।

समूह चर्चा के दौरान क्षेत्रवार गतिविधियों के बारे में चर्चा की जायेगी और ब्राह्मण फेडरेशन कार्यक्रम व गतिविधियों की समीक्षा के साथ भावी योजना व कार्यक्रमों पर विचार विमर्श किया जायेगा। बैठक को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ज्योति संबोधित कर विभिन्न विषयों पर ब्राह्मण फेडरेशन का मत रखेंगे तथा भावी कार्यक्रमों व गतिविधियों को लेकर  कार्ययोजना पर प्रकाश डालेंगे।

संयोजक पंडित गजाधर शर्मा ने बताया कि दो दिवसीय बैठक के समापन दिवस पर दौसा के सोमनाथ महादेव परिसर में 108 आसनों पर पार्थिव शिवलिंग महारूद्राभिषेक व यजुर्वेद पाठ उत्सव का आयोजन किया जायेगा, जिसमें समाज प्रतिनिधि व श्रद्धालु भाग लेंगे। युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि संभागियों को चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के साथ बैठक में आने के लिये निमंत्रण भेजे गये हैं। उन्होने बताया कि दौसा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा संयोजक गजाधर शर्मा की अध्यक्षता में की गई, जिसमें महासभा व विभिन्न संगठनों के कैलाशचन्द्र जोषी, प्रहलाद थानेदार, रमेश पंचोली, आशीष, आचार्य बिहारीलाल शर्मा, डॉ. विनोद शर्मा, संतोष शर्मा, अनुराधा जोशी, प्रीतम शर्मा, कैलाश हिंगोटिया, भगवानसहाय शर्मा आदि प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-