विपक्षी दलों के गठबंधन दरार, कांग्रेस दिल्ली की सभी सातों सीटों पर लड़ने को तैयार

विपक्षी दलों के गठबंधन दरार, कांग्रेस दिल्ली की सभी सातों सीटों पर लड़ने को तैयार

प्रेषित समय :08:58:46 AM / Thu, Aug 17th, 2023

नई दिल्ली. विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में पहली दरार पड़ चुकी है। एक मंच पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बीच आज विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में शामिल कांग्रेस ने देश की राजधानी दिल्ली की सभी सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कस ली है। आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली के नेताओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों के अपने दौरे के अनुभव साझा किए। कांग्रेस नेतृत्व ने दिल्ली के नेताओं से सभी सात सीटों पर लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने को कहा है। कांग्रेस नेताओं और उसकी दिल्ली इकाई के बीच पार्टी मुख्यालय में बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने की।

बैठक में राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, दिल्ली इकाई के प्रमुख चौधरी अनिल कुमार, प्रभारी दीपक बाबरिया, अलका लांबा, हारून यूसुफ, अजय माकन और कई अन्य लोग भी शामिल हुए। सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी ने आजादपुर मंडी, मुखर्जी नगर, जामा मस्जिद, दिल्ली विश्वविद्यालय, ओखला औद्योगिक क्षेत्र और अन्य जगह की अपनी हालिया यात्राओं के अनुभव साझा किए। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में सभी सात सीटों पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि लोगों को पार्टी से काफी उम्मीदें हैं। सूत्रों ने कहा कि दिल्ली इकाई ने नेतृत्व को राष्ट्रीय राजधानी में लोकसभा चुनाव में आप के साथ गठबंधन नहीं करने का संकेत दिया है, जबकि पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली के नेताओं को सभी सात लोकसभा सीटों के लिए तैयारी करने का निर्देश दिया है।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने एक्स पर लिखा, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ चर्चा हुई। दिल्ली कांग्रेस को फिर से सक्रिय करना हमारी प्राथमिकता है, जिसमें सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी जरूरी है। हमने दिल्ली को समृद्ध और खुशहाल बनाया है, दिल्ली के लोगों के लिए हमारा संघर्ष आगे भी जारी है। राहुल गांधी ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े के नेतृत्व में दिल्ली कांग्रेस के नेताओं की बैठक हुई। लोगों की आवाज को मजबूत करने और दिल्ली की प्रगति के लिए कांग्रेस हर कदम उठाने के लिए समर्पित है। प्रभारी दीपक बाबरिया ने मीडिया को बताया कि बैठक के दौरान आप से गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि, लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर दिल्ली से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने सभी सात संसदीय सीटों पर तैयारी शुरू करने को कहा है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-