चंद्रयान से कुछ ऐसा दिखता है चांद का नजारा, ISRO ने दिखाई झलक, सॉफ्ट लैंडिंग 23 को होगी

चंद्रयान से कुछ ऐसा दिखता है चांद का नजारा, ISRO ने दिखाई झलक, सॉफ्ट लैंडिंग 23 को होगी

प्रेषित समय :09:18:44 AM / Sat, Aug 19th, 2023

नई दिल्ली. इसरो ने चंद्रमा का नया वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो चंद्रयान-3 द्वारा जारी किया गया है। इसे चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर के एलपीडीसी द्वारा कैप्चर किया गया है। ISRO ने इस वीडियो को ट्वीट किया है। इसे 15 अगस्त को कैप्चर किया गया था। वीडियो में चांद पर मौजूद गड्ढे दिख रहे हैं। इसरो ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, लैंडर के कैमरे ने वीडियो भेजा है। लैंडर पोजिशन डिटेक्शन कैमरा ने 15 अगस्त, 2023 को ये वीडियो कैप्चर किया।

इस बीच, चंद्रयान-3 ने शुक्रवार को एक और पड़ाव पार कर लिया। लैंडर मॉड्यूल ने सफलतापूर्वक डिबूस्टिंग ऑपरेशन किया। इसके बाद इसकी कक्षा 113 किमी x 157 किमी तक कम हो गई। इसरो ने ट्वीट करके ये जानकारी दी। दूसरा डिबूस्टिंग ऑपरेशन 20 अगस्त को 2 बजे होगा।

इसरो की ओर से शेयर की गईं तस्वीरों में 15 अगस्त को लैंडर पोजिशन डिटेक्शन कैमरा (एलपीडीसी) द्वारा ली गईं तस्वीरें और 17 अगस्त को प्रणोदन मॉड्यूल से लैंडर मॉड्यूल के अलग होने के ठीक बाद लैंडर इमेजर कैमरा-1 द्वारा ली गईं तस्वीरें शामिल हैं। इससे पहले 17 अगस्त को चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल प्रणोदन मॉड्यूल से अलग हो गया था। लैंडर मॉड्यूल में लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान हैं जो अब एक ऐसी कक्षा में उतरने के लिए तैयार हैं जिससे यह चांद की सतह के और करीब आ जाएगा। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग 23 अगस्त को होगी।

बता दें कि 600 करोड़ रुपये की लागत वाले चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को चांद के दक्षिणी ध्रुव तक की 41 दिन की यात्रा पर रवाना किया गया था। चंद्रयान-3 से पहले भेजा गया चंद्रयान-2 सात सितंबर 2019 को सॉफ्ट लैंडिंग करने में असफल रहा था। चंद्रयान-3 का उद्देश्य भी चंद्र सतह पर सुरक्षित साफ्ट लैंडिंग करने, चांद पर रोवर के घूमने और वैज्ञानिक प्रयोग करने का है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-