Railway: एचआरएमएस लीव मॉडयूल में आ रही समस्याओं से WCREU ने डीजी रेलवे बोर्ड को अवगत कराया

Railway: एचआरएमएस लीव मॉडयूल में आ रही समस्याओं से WCREU ने डीजी रेलवे बोर्ड को अवगत कराया

प्रेषित समय :18:05:14 PM / Tue, Oct 10th, 2023
Reporter :
Whatsapp Channel

कोटा. रेलवे में हयूमन रिर्सोस मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमएस) के माध्यम से प्रारंभ किये गये लीव मॉड्यूल में आ रही समस्याओं से वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डबलूसीआरईयू) के महामंत्री कॉमरेड मुकेश गालव ने डायरेक्टर जनरल रेलवे बोर्ड (एचआर) मोहित सिन्हा को अवगत कराया और उनके निस्तारण की मांग की.

यूनियन के सहायक मंडल सचिव नरेश मालव ने बताया कि एचआरएमएस लीव मॉड्यूल लागू होने के बाद सभी रेल कर्मचारियों को अपनी हर प्रकार की छुट्टी ऑनलाईन इसी मॉड्यूल के माध्यम से प्रेषित करनी पड़ रही है, जिसमें कर्मचारियों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है. इसके कारण अति आवश्यक कार्य होने पर कर्मचारी समय से छुट्टी स्वीकृत नहीं करा पा रहे हैं. साथ ही रोड साईड स्टेशनों पर नेटवर्क प्रॉब्लम एवं सर्वर डाउन होने के कारण इस मॉड्यूल को चलाने में बहुत समस्या आ रही है. इसके अतिरिक्त सभी कर्मचारियों की लीव एकाउंट एचआरएमएस पर अपडेट किये बिना ही मॉडयूल को लागू कर दिया गया, जिससे कर्मचारी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे है.

रेल कर्मचारियों की इन समस्याओं के निस्तारण हेतु ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के महामंत्री कॉमरेड शिवगोपाल मिश्रा के साथ वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के महामंत्री कॉमरेड मुकेश गालव ने डायरेक्टर जनरल रेलवे बोर्ड (एचआर) श्री मोहित सिन्हा से सोमवार को रेलवे बोर्ड में मुलाकात कर अवगत कराया तथा कहा कि जब तक एचआरएमएस मॉड्यूल में आ रही समस्याओं को दूर नहीं किया जाता, तब तक कर्मचारियों को पूर्व की भांति मेन्युअल छुट्टियां स्वीकृत करवाने का विकल्प प्रदान किया जाये. साथ ही सभी का लीव एकाउंट अपडेट कर ही इसे पूर्णरूपेण लागू किया जाये. इसके अतिरिक्त यह भी प्रयास किया जाये कि पूर्व की भांति मैन्युअल छुट्टी स्वीकृत कराने का विकल्प भी खुला रखा जाये.

डायरेक्टर जनरल रेलवे बोर्ड (एचआर) मोहित सिन्हा ने फेडरेशन एवं यूनियन को आश्वस्त किया कि इन सभी विषयों पर यथाशीघ्र कार्यवाही कर एचआरएमएस मॉड्यूल की कमियों को दूर किया जायेगा एवं इसके कारण किसी भी कर्मचारी को छुट्टी स्वीकृत नहीं होने की पीड़ा से नहीं गुजरना पड़ेगा, इसके लिये सभी जोनल रेलवे को शीघ्र ही निर्देश जारी कर दिये जायेंगे.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-