आज मणिपुर से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, शीर्ष नेता रहेंगे मौजूद

आज मणिपुर से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, शीर्ष नेता रहेंगे मौजूद

प्रेषित समय :09:27:08 AM / Sun, Jan 14th, 2024
Reporter : reporternamegoeshere
Whatsapp Channel

नई दिल्ली. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज हिंसा प्रभावित मणिपुर से शुरू हो रही है। मणिपुर के थौबल जिले से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों में 100 लोकसभा सीटों से गुजरेगी। मणिपुर सरकार ने कांग्रेस को सीमित संख्या में लोगों के साथ यहां पैलेस मैदान से यात्रा को हरी झंडी दे दी है। पार्टी पहले इंफाल से यात्रा शुरू करने वाली थी लेकिन इसके लिए मंजूरी नहीं मिली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के शीर्ष नेता थौबल में मौजूद रहेंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल रविवार को 11 बजे इंफाल पहुंचेंगे और सबसे पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। इसका महत्व सिर्फ मणिपुर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए है।

पार्टी महासचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान राहुल अलग-अलग नागरिक संस्थाओं से मिलेंगे और जनसभाएं होंगी। कांग्रेस पार्टी के मन में क्या है, इस बारे में राहुल जनता के बीच जाकर बताएंगे। यह एक राजनीतिक दल की यात्रा है। यह वैचारिक यात्रा है, चुनावी यात्रा नहीं है। हम सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, यह कहते जरूर हैं लेकिन हकीकत है कि आज लोकतंत्र कम और एकतंत्र ज्यादा है। पार्टी का मानना है कि राहुल की यह यात्रा परिवर्तनकारी साबित होगी। कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने उसे संसद में लोगों के मुद्दे उठाने का मौका नहीं दिया। इसलिए वह भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 6,713 किमी का सफर बस से और पैदल तय होगी। 66 दिनों में यात्रा 110 जिलों, 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा से गुजरते हुए 20 या 21 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।