नई दिल्ली. इजराइली सेना लगातार हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है. इस दौरान कई बेकसूर लोग भी इन हमलों का शिकार हो रहे हैं. लोग अपनी जान बचाने के लिए घर बार छोड़कर राहत शिवरों में पनाह ले रहे हैं.जान बचाने की जद्दोजहद के बीच लोगों के सामने खाने की दिक्कत हो रही है. बच्चे भूख से तड़प रहे हैं.
इस बीच अमेरिका ने गाजा में मानवीय सहायता की पहुंचाई है.अमेरिकी सेना ने गाजा में हवाई जहाज से भोजन और अन्य जरूरी चीजों की आपूर्ति की. तीन सी-130 विमानों से 35,000 से ज्यादा खाने के पैकेट गाजा में गिराए. अमेरिका का कहना है कि आगे भी ऐसी मदद जारी रहेगी. पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि रमजान शुरू होने तक युद्ध विराम हो जाएगा.
आपको बता दें कि इजराइल और हमास पर युद्ध विराम के लिए अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ गया है. इधर संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इजराइली हमलों की वजह से एक चौथाई आबादी अकाल की तरफ बढ़ रही है. शनिवार को बेत हनौन के उत्तरी गाजा पट्टी क्षेत्र में खेत में भोजन की तलाश कर रहे तीन नागरिक इजराइली हमलों में मारे गए. दरअसल इजराइल के हमले लगातार बढ़ते जा रहा है, जिससे हालात और भी खराब होते जा रहे हैं. जिसके चलते एजेंसियों ने फिलिस्तीनी क्षेत्र में मानवीय आपदा की चेतावनी दी है लोग भुखमरी की कगार पर पहुंच रहे हैं. गाजा में लोगों के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है, बच्चे भूख से तड़प रहे हैं.
इधर गााजा और हमास के बीच युद्ध विराम की बातचीत शुरू होने से पहले ही इजराइल ने राफा शहर में टेंट पर हमला किया. गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हमले में कम से कम 11 फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई. इस जगह लोग अपनी जान बचाने के लिए ठहरे हुए थे.वहीं राफा के तेल अल-सुल्तान इलाके में भी इजराइली सेना ने हमला किया जिसमें एक डॉक्टर की मौत हो गई जबकि 50 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.