'सूबेदार' में एक्शन के लिए तैयार अनिल कपूर, जारी किया पहला लुक


प्रेषित समय :10:36:57 AM / Wed, Mar 20th, 2024
Reporter : reporternamegoeshere
Whatsapp Channel

ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने आज अपनी आने वाली सीरीज और फिल्मों का खुलासा किया। इस लिस्ट में प्राइम वीडियो ने अपने अगले दो साल के स्लेट की घोषणा की। इसी कड़ी में प्राइम वीडियो ने बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर की एक्शन ड्रामा फिल्म 'सूबेदार' की भी घोषणा की। साथ ही फिल्म से अभिनेता का पहला लुक भी जारी किया। पहली झलक में अभिनेता दमदार अवतार में नजर आए।

अनिल कपूर की पहली झलक के साथ फिल्म की कहानी का भी खुलासा किया गया है। पोस्टर में अनिल कपूर एक कुर्सी पर गंभीर भाव के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने हाथों में राइफल ले रखी है। फिल्म में अनिल कपूर अनुभवी सैनिक अर्जुन सिंह की भूमिका निभाएंगे, जिन्हें नई चुनौतियों का सामना करना होगा। वीरता के साथ अपने देश की सेवा करने के बाद सूबेदार अर्जुन सिंह को अब एक कठिन नागरिक जीवन का सामना करना पड़ेगा, जिसका अपनी बेटी के साथ रिश्ता बेहद तनावपूर्ण है।

पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन में लिखा गया, 'एड्रेनालाईन से भरपूर एक्शन ड्रामा में सूबेदार अर्जुन सिंह नागरिक जीवन से जूझते हैं। अपनी बेटी के साथ तनावपूर्ण रिश्ते और सामाजिक शिथिलता से जूझते हैं। जो आदमी कभी देश के लिए लड़ता था, उसे अब अपने घर और परिवार की रक्षा के लिए भीतर के दुश्मनों से लड़ना होगा। इसके साथ ही फिल्म के निर्माताओं के बारे में जानकारी दी गई है। वहीं, कलाकारों के बारे में जानकारी को गुप्त रखा गया है।

यह फिल्म अबुंदंतिया एंटरटेनमेंट, ओपनिंग इमेज और अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित है। 'सूबेदार' के निर्माता विक्रम मल्होत्रा, सुरेश त्रिवेणी और अनिल कपूर हैं। वहीं त्रिवेणी ने निर्देशक के रूप में कमान संभाली है। पटकथा त्रिवेणी और प्रज्वल चन्द्रशेखर ने मिलकर लिखी है। फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा होनी अभी बाकी है।