गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने के चक्कर में गार्ड की मौत, शेरों के पिंजरे में कैद हुई घटना

गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने के चक्कर में गार्ड की मौत, शेरों के पिंजरे में कैद हुई घटना

प्रेषित समय :12:49:43 PM / Fri, Jan 3rd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दूसरों को प्रभावित करने के लिए लोग अक्सर हद पार कर देते हैं, और अगर मामला गर्लफ्रेंड का हो, तो यह जुनून और भी बढ़ जाता है। हालांकि, कभी-कभी यह जुनून गंभीर हादसों में बदल सकता है। उज्बेकिस्तान के एक निजी चिड़ियाघर में ऐसा ही एक दर्दनाक वाकया सामने आया, जहां गर्लफ्रेंड को इम्प्रेस करने की कोशिश में एक गार्ड ने अपनी जान गंवा दी।

44 वर्षीय एफ. इरिस्कुलोव नामक गार्ड ताशकंद स्थित लॉयन पार्क में कार्यरत थे। घटना तब हुई जब सुबह 5 बजे इरिस्कुलोव ने शेरों के पिंजरे का ताला खोल दिया। तीन शेर पिंजरे से बाहर निकलकर परिसर में घूमने लगे। गार्ड ने उन्हें वापस पिंजरे में बंद करने की कोशिश शुरू कर दी और इस दौरान अपनी बहादुरी का वीडियो शूट करने लगे, ताकि इसे अपनी गर्लफ्रेंड को दिखा सकें।

वीडियो में देखा गया कि गार्ड शेरों में से एक को पुचकारते हुए बार-बार उसका नाम "सिम्बा" पुकार रहा था। शुरू में शेर शांत नजर आए, लेकिन अचानक उन्होंने गार्ड पर हमला कर दिया। इस खतरनाक हमले का पूरा दृश्य गार्ड के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया।

वायरल वीडियो में गार्ड की चीखें सुनी जा सकती हैं। चिड़ियाघर के अन्य कर्मचारी शेरों को नियंत्रित करने पहुंचे। उन्होंने दो शेरों को बेहोश किया, जबकि तीसरे को गोली मारनी पड़ी। लेकिन, गार्ड की जान नहीं बचाई जा सकी।

स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच के बाद बताया कि लॉयन पार्क में तीन शेर एक ही पिंजरे में रखे गए थे। घटना के दिन, गार्ड ने पिंजरे का ताला खोल दिया था, जिससे शेर बाहर निकल आए। गार्ड ने उन्हें वापस पिंजरे में डालने की कोशिश की, लेकिन शेरों ने उन पर घातक हमला कर दिया।

लॉयन पार्क नामक यह निजी चिड़ियाघर 2019 में खोला गया था और यहां विभिन्न जानवरों के साथ 10 वयस्क अफ्रीकी शेर और 5 शावक भी रखे गए हैं। यह घटना चिड़ियाघर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और लोगों को यह सीख देती है कि जोखिम भरे काम करने से पहले उनके परिणामों पर विचार करना जरूरी है।