बांग्लादेशी नागरिक ने सैफ अली खान पर किया हमला, चोरी के इरादे से घर में घुसा था

बांग्लादेशी नागरिक ने सैफ अली खान पर किया हमला, चोरी के इरादे से घर में घुसा था

प्रेषित समय :10:58:22 AM / Sun, Jan 19th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई। मुंबई में अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में की है, जो बांग्लादेश का नागरिक है। यह व्यक्ति लगभग 5-6 महीने पहले मुंबई आया था और एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम कर रहा था। पुलिस ने उसे ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पासपोर्ट एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया कि आरोपी के पास भारत के वैध दस्तावेज नहीं थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसका मकसद केवल चोरी करना था, लेकिन सैफ अली खान के अचानक सामने आ जाने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सैफ को रीढ़ की हड्डी के पास गंभीर चोटें आईं।

सैफ अली खान को तत्काल लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। अगर सबकुछ सही रहा, तो उन्हें 20 जनवरी तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे नहीं पता था कि वह सैफ अली खान के घर में घुस रहा है। उसका मकसद केवल चोरी करना था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने भारत में अवैध तरीके से प्रवेश कैसे किया और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।