अमेरिका में भीषण बर्फबारी: 2100 से अधिक फ्लाइट्स रद्द, यातायात प्रभावित

अमेरिका में भीषण बर्फबारी: 2100 से अधिक फ्लाइट्स रद्द, यातायात प्रभावित

प्रेषित समय :12:14:07 PM / Wed, Jan 22nd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

न्यूयार्क. अमेरिका के कई इलाकों में हाल ही में भयंकर आग की खबरें सुर्खियों में थीं, लेकिन अब साउथ अमेरिका के राज्यों में कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। बर्फबारी के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन ठहर सा गया है। सड़कों पर ट्रैफिक जाम और हवाई सेवाओं के रद्द होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

साउथ अमेरिका के टेक्सास, लुइसियाना, मिसिसिपी, अलबामा, जॉर्जिया, मिलवौकी, दक्षिण कैरोलिना और फ्लोरिडा जैसे राज्यों में बर्फबारी का प्रकोप देखा जा रहा है। इन इलाकों में 10 इंच तक बर्फ जम चुकी है। इसका असर सड़कों और हवाई सेवाओं पर पड़ा है। ठंड के कारण टेक्सास, जॉर्जिया और मिलवौकी में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।

बर्फबारी के चलते कई प्रमुख हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। ह्यूस्टन और तल्हासी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि ह्यूस्टन का जॉर्ज बुश इंटरकांटिनेंटल एयरपोर्ट और विलियम पी. हॉबी एयरपोर्ट जल्द ही परिचालन शुरू कर देंगे। लुइसियाना के न्यू ऑरलियन्स में 1963 के बाद सबसे बड़ी बर्फबारी दर्ज की गई है। यहां बर्फीले तूफान जैसी स्थिति बन गई है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं और प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। गवर्नर जेफ लैंड्री ने नागरिकों से अपील की है कि अगले सात दिनों तक सावधानी बरतें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें। सवाना, जॉर्जिया के मेयर ने भी क्षेत्र में तैयारी के बावजूद बर्फबारी को एक नई चुनौती करार दिया है।

यह बर्फबारी अब तक की सबसे गंभीर सर्दी की लहरों में से एक मानी जा रही है, जिसने अमेरिका के कई हिस्सों को अपने प्रभाव में ले लिया है। नागरिकों को सुरक्षा और राहत की आवश्यकता है, जबकि प्रशासन इस चुनौती का सामना करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।