सैफ अली खान ने जान बचाने वाले आटो ड्राइवर से की मुलाकात, गले लगाकर ये कहा

सैफ अली खान ने जान बचाने वाले आटो ड्राइवर से की मुलाकात

प्रेषित समय :16:26:31 PM / Wed, Jan 22nd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. 16 जनवरी को उनके घर में चोरी के इरादे से घुसे आरोपी शरीफुल के साथ हुई हाथापाई में अभिनेता सैफ अली खान घायल हो गए थे. घटना के बाद, एक ऑटो ड्राइवर, भजन सिंह, ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया था. अब स्वस्थ होने पर, सैफ ने अस्पताल में भजन सिंह से मुलाकात की और उनकी त्वरित सहायता के लिए गले लगाकर आभार व्यक्त किया.

सामने आई तस्वीरों में सैफ को अस्पताल में भजन के साथ देखा जा सकता है. इससे पहले, भजन सिंह ने बताया था कि उन्हें शुरुआत में पता नहीं था कि वे सैफ अली खान को अस्पताल ले जा रहे हैं. उन्होंने उस रात सैफ से कोई किराया भी नहीं लिया था.

सैफ अली खान ने भजन सिंह को उनका बकाया किराया देने और भविष्य में भी हर संभव मदद करने का वादा किया है. इस दौरान सैफ की मां शर्मिला टैगोर भी वहां मौजूद थीं, जिन्होंने ऑटो ड्राइवर का शुक्रिया अदा किया.

गौरतलब है कि फिल्मी इंडस्ट्री से जुड़े फैजान अंसारी ने भी ऑटो ड्राइवर को 11 हजार रुपये का इनाम दिया था. सैफ ने सही समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए भजन सिंह का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद किया. भजन सिंह का कहना है कि पैसा किसी की जान से बढ़कर नहीं है. उनकी इस मानवतापूर्ण कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-