मुंबई से दुबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 5 घंटे देरी से रवाना, यात्रियों ने जताई नाराजगी

मुंबई से दुबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 5 घंटे देरी से रवाना, यात्रियों ने जताई नाराजगी

प्रेषित समय :11:46:13 AM / Mon, Jan 27th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई। मुंबई से दुबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 909 शनिवार को तकनीकी खामियों के चलते करीब 5 घंटे की देरी से उड़ान भरी, जिससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यह घटना मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई, जहां फ्लाइट को सुबह 8:25 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन घंटों तक विमान उड़ान नहीं भर सका। तकनीकी खामी के कारण फ्लाइट में फंसे यात्रियों ने एयर कंडीशनिंग काम न करने की शिकायत की और बताया कि विमान के अंदर दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी। वायरल वीडियो में देखा गया कि यात्री क्रू मेंबर्स से दरवाजे खोलने की मांग कर रहे थे और कुछ लोग हंगामा करते नजर आए।

यात्रियों का आरोप था कि क्रू मेंबर्स ने उन्हें राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। एक यात्री को वीडियो में ओवरहेड बिन को जोर से पीटते हुए भी देखा गया। इस दौरान, फ्लाइट कैप्टन ने यात्रियों को विमान के अंदर से यह जानकारी दी कि एयरप्लेन जैक को जोड़ना जरूरी है, लेकिन कैप्टन ने व्यक्तिगत रूप से यात्रियों से मिलने से परहेज किया, जिससे नाराजगी और बढ़ गई। लगभग 5 घंटे की देरी और यात्रियों के लगातार विरोध के बाद, दोपहर 1 बजे सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। फ्लाइट ट्रैकर के अनुसार, AI 909 ने शाम 4:32 बजे उड़ान भरी। इस घटना ने एयरलाइन की व्यवस्था और यात्री सेवा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्लाइट में फंसे यात्री सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, जिससे यह मुद्दा व्यापक चर्चा का विषय बन गया है।