रायपुर. मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित ग्राम नवाडीह (लपटी) में आज जिला स्तरीय पशु-पक्षी प्रदर्शनी मेला आयोजित किया गया, जिसका उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निरीक्षण किया. उन्होंने मेले में पहुँचे किसानों, पशुपालकों और आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि “पशु-पक्षी जीवन का आधार हैं. किसानों को चाहिए कि वे खेती के साथ पशुपालन को जोड़कर अपनी आय में बढ़ोतरी करें.”
उप मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न नस्लों के पशुओं का अवलोकन किया और उन्नत नस्ल के संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. इसी कड़ी में उन्होंने लोरमी में पशु चिकित्सालय के नए भवन निर्माण के लिए 40 लाख रुपए देने की घोषणा की.
मेले में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. विभिन्न नस्ल के पशुओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के साथ-साथ उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित भी किया गया. नस्ल सुधार कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता पुष्पकांत शर्मा को मंच पर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में कलेक्टर कुंदन कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर, पशु चिकित्सा सेवाओं के उप संचालक डॉ. आर.एम. त्रिपाठी, डॉ. शिव पटेल और डॉ. प्रमोद नामदेव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान और पशुपालक उपस्थित रहे.
उप मुख्यमंत्री साव के संबोधन और मेले में दी गई जानकारियों से किसानों में पशुपालन के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला.

