पुलिस टीम पर मिर्च स्प्रे से हमला, चार सिपाही जख्मी, 15 लोग गिरफ्तार, दिल्ली में बढ़ा बवाल

पुलिस टीम पर मिर्च स्प्रे से हमला, चार सिपाही जख्मी, 15 लोग गिरफ्तार, दिल्ली में बढ़ा बवाल

प्रेषित समय :12:43:00 PM / Mon, Nov 24th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है. ऐसे में लोगों ने सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. इसी को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए. उन्होंने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की. जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर मिर्च स्प्रे से हमला कर दिया. इसमें चार पुलिसवाले घायल हुए हैं. उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. दूसरी ओर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और इस मामले में 15 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है.

नक्सली कमांडर के समर्थन में नारेबाजी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार को इंडिया गेट पर यह प्रदर्शन दिल्ली-एनसीआर में बेहद खराब वायु गुणवत्ता को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग के लिए किया जा रहा था, लेकिन इस प्रदर्शन में मूल तत्व से हटकर भी कुछ विवादित बातें सामने आईं. प्रदूषण की समस्या के निस्तारण की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन में कुछ प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए नक्सली कमांडर माडवी हिडमा के पोस्टर उठा रखे थे. इन पोस्टरों में कितने हिडमा मारोगे, हर घर से हिडमा निकलेगा जैसे भड़काऊ स्लोगन लिखे थे. इसके साथ ही उन्होंने नारेबाजी भी शुरू कर दी.

सड़क पर जाम पर उग्र हुए प्रदर्शनकारी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इंडिया गेट के पास सी हेक्सागन में चल रहा विरोध प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने सड़क जाम करने की कोशिश शुरू कर दी. भीड़ में शामिल अराजक तत्वों को सड़क की ओर बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर मिर्च स्प्रे से हमला कर दिया. इससे मौके पर भगदड़ मची और इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-