फेरे के पहले दूल्हे ने 20 लाख दहेज मांगा, बारात लौटी, छतरपुर-नौगांव रोड पर किया चक्काजाम

फेरे के पहले दूल्हे ने 20 लाख दहेज मांगा, बारात लौटी, छतरपुर-नौगांव रोड पर किया चक्काजाम

प्रेषित समय :17:08:04 PM / Mon, Dec 1st, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छतरपुर. एमपी के छतरपुर में दूल्हे ने फेरे से पहले लड़कीवालों से 20 लाख रुपए की मांग कर डाली. जब दुल्हन पक्ष ने इतने रुपए नहीं होने की बात कही तो दूल्हा बारात समेत मंडप से चला गया. इससे नाराज दुल्हन पक्ष ने आज 1 दिसम्बर सोमवार को छतरपुर-नौगांव रोड पर जाम लगा दिया. पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र में रविवार देर रात की है. 

जानकारी के मुताबिक, एमबीए छात्रा की शादी छतरपुर देरी रोड निवासी रमेश कुशवाहा के बेटे गौरव कुशवाहा से तय हुई थी. लड़कीवालों ने 10 लाख रुपए देने की बात कही थी. परिवार तिलक और अन्य कार्यक्रमों में करीब 6.5 लाख रुपए नकद और दहेज सामग्री पहले ही दे चुका था. शेष राशि शादी के दौरान दी जानी थी. वरमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी, लेकिन जब फेरे पडऩे का समय आया, तो दूल्हा और उसके परिजनों ने अचानक 20 लाख रुपए और देने की मांग कर दी.

अचानक 20 लाख मांगने से मची अफरातफरी

दुल्हन ने बताया, मैं एमबीए की पढ़ाई कर रही हूं. शादी 10 लाख में तय हुई थी, लेकिन फेरे के समय अचानक 20 लाख रुपए मांगने लगे और नाराज होकर चले गए. मेरे पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार ही दान दिया था.

चक्काजाम, 8 लोगों पर केस दर्ज

दूल्हे और बारातियों के मंडप से जाने से दुल्हन पक्ष में आक्रोश फैल गया. नाराज परिजनों ने छतरपुर-नौगांव रोड पर जाम लगा दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया. मौके पर मौजूद दीपक यादव ने जानकारी दी कि लड़की पक्ष की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-