विशाखापत्तनम. आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामाराजू जिले में आज शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट ट्रैवल बस के खाई में गिरने से आठ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. यह हादसा चिंतूर-नारेदुमिल्ली घाट रोड पर हुआ, जब ड्राइवर कथित तौर पर एक तीखे मोड़ पर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया और सेफ्टी वॉल से टकराने के बाद बस खाई में गिर गई. बस में दो ड्राइवरों समेत 37 लोग सवार थे और वह अन्नावरम जा रही थी.
मिली जानकारी के अनुसार सभी यात्री चित्तूर जिले के थे, जो तेलंगाना के भद्राचलम मंदिर के दर्शन करने के बाद काकीनाडा जिले के अन्नावरम मंदिर जा रहे थे. जिस जगह हादसा हुआ, वहां मोबाइल फोन नेटवर्क नहीं था, इसलिए मोथुगुंटा में पुलिस तक जानकारी पहुंचने में कुछ समय लगा. पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. पुलिस और बचाव टीम ने मौके से आठ शव बरामद किए. घायलों को चिंतूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पांच पुलिस वाहनों और तीन एंबुलेंस का इस्तेमाल किया गया.
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने बचाव और राहत कार्यों के बारे में अधिकारियों से बात की. उन्होंने उन्हें घायलों को सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. गृह मंत्री वी अनिता और आदिवासी कल्याण और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री जी. संध्या रानी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुईं. उन्होंने अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की और उन्हें पीडि़तों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.


