चित्तौडग़ढ़. राजस्थान में निंबाहेड़ा-चित्तौडग़ढ़ हाईवे पर शुक्रवार की देर रात हाईवे के नजदीक खड़ी पिकअप को तेज रफ्तार से दौड़ रही वैन और एसयूवी ने टक्कर मार दी. हादसे में वैन में सवार एक ही परिवार के दो लोगों समेत पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई है. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. एसयूवी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वैन में सवार लोगों के शव फंस गए. पुलिस ने मशक्कत कर शव बाहर निकाले.
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि टायर पंचर होने के कारण पिकअप को हाईवे के पास खड़ा किया गया था. पिकअप चालक टायर बदल रहा था जबकि चित्तौडग़ढ़ की तरफ से आ रही वैन ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी. उसके थोड़ी देर बाद ही वैन को पीछे से आई एक एसयूवी ने टक्कर मारी. टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप चालक और वैन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वैन सवार एक युवक गंभीर घायल हुआ जिसे निंबाहेड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वैन सवार एक पुरूष और एक महिला नीमच जिले के सरवानिया महाराज क्षेत्र निवासी बताए जा रहे हैं. वहीं पिकअप चालक मंदसौर का रहने वाला है.
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही निंबाहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और वैन में फंसे मृतकों के शव निकालकर निंबाहेड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं. पुलिस के अनुसार एक परिवार के लोग नीमच जिले के सरवानिया महाराज के रहने वाले हैं और पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है. वहीं पिकअप चालक मंदसौर का रहने वाला बताया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


