बिहार और झारखंड प्रदेश के लगभग सभी जिले इस समय इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में है। जिसके कारण लोगों की जीवन सांसत में पड़ी हुई है। वहीं रवी फसल के लिए यह मौसम बहुत ही अनुकूल माना जा रहा है। इसमें सबसे ज्यादा गेहूं के फसल के लिए सबसे फायदेमंद साबित हो रहा है।शीतलहर के लगातार बढ़ते असर से बिहार और झारखंड का पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और रात के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई है। इस सीजन में अब तक दो-तीन दिनों में न्यूनतम दृश्यता महज 50 मीटर तक दर्ज की जा चुकी है। दिन-प्रतिदिन ठंड और कोहरे का यह कहर और बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बिहार में सर्दी ने इस बार आम सर्द मौसम से आगे निकलकर जनजीवन को लगभग ठहरा दिया है। बिहार की राजधानी पटना शुक्रवार को राज्य का सबसे ठंडा शहर बनकर सामने आया, जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर महज 4 डिग्री सेल्सियस रहा।बिहार में ठंड का कहर जारी है। पटना सहित बिहार के 29 जिलों में भयंकर ठंड की चेतावनी जारी की गयी है। बिहार में 29 दिसंबर तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
गौरतलब हो कि उत्तर भारत इस वक्त भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, खासकर छोटे बच्चों और छात्रों की सेहत को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का बड़ा फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यह कदम पूरी तरह बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। बिहार की राजधानी पटना समेत कई जिलों में ठंड और शीतलहर ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
पटना जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. के आदेश के अनुसार, कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 30 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे। कक्षा 9 और उससे ऊपर की पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही कराई जाएगी। सहरसा जिले में कक्षा 10 तक के सभी स्कूल 30 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। नालंदा जिले में भी ठंड की गंभीर स्थिति को देखते हुए कक्षा 10 तक के स्कूल 31 दिसंबर 2025 तक बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। भोजपुर जिले में 27 से 31 दिसंबर तक कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी, निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे।
जबकि झारखंड की राजधानी रांची में शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए बड़ा आदेश जारी किया गया है। जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में किंडरगार्टन से कक्षा 12 तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। आदेश में मौसम विभाग की चेतावनी का हवाला देते हुए कहा गया है कि रांची को येलो जोन में रखा गया है, जहां भीषण ठंड और शीतलहर की संभावना अधिक है। शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आने वाले दिनों में और गिर सकता है।

