प्रेमी ने प्रेमिका की सरेराह कर दी हत्या, ढाई माह पहले हुई थी सगाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार

प्रेमी ने प्रेमिका की सरेराह कर दी हत्या, ढाई माह पहले हुई थी सगाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार

प्रेषित समय :15:43:05 PM / Fri, Jan 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक युवक ने अपनी मंगेतर की चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने युवती के गले और सीने पर तीन वार किए. युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान आज शुक्रवार की दोपहर दम तोड़ दिया. वहीं हमला के बाद युवक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी और युवती की ढाई माह पहले सगाई हुई थी. अचानक ही युवक ने दहेज में 5 लाख रुपए की मांग कर ली. जिस पर युवती ने शादी करने से मना दिया. लेकिन आरोपी को शक था कि युवती का किसी से अफेयर चल रहा है.

बताया जाता है कि गुरुवार शाम को आरोपी साहिल और उसके दोस्त अजय ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद फरार हो गए. युवती ने शुक्रवार दोपहर को मौत हो गई. दोनों आरोपियों को पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से चाकू और बाइक बरामद की है.

घटना आधारताल थाना के रिछाई इंस्ट्रियल एरिया की है. गुरुवार शाम को ऋचा रजक (19) घर जा रही थी, तभी साहिल अपने साथी अजय के साथ बाइक से आया. दोनों ने ऋचा को रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया. चाकू ऋचा के गले और सीने पर लगा. वह गंभीर रूप से घायल हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकडऩे की कोशिश की, लेकिन दोनों बाइक से फरार हो गए. ऋचा को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

दो साल पहले हुई थी दोस्ती

ग्राम इमलिया में रहने वाली 19 वर्षीय ऋचा रजक की दो साल पहले एक शादी समारोह में साहिल रजक से दोस्ती हुई थी. एक ही समाज के होने के कारण दोनों के परिवार वालों को भी आपत्ति नहीं थी. लिहाजा दोनों साथ में घूमने लगे. ढाई माह पहले परिवार की रजामंदी से दोनों की सगाई हो गई और फरवरी माह में शादी की तारीख तय हुई.

ऋचा पर शक करता था साहिल

दोस्ती के बाद कुछ माह तक तो सब ठीक चला, इसके बाद साहिल और ऋचा में विवाद होने लगे. साहिल ने ऋचा के परिवार वालों से गाली-गलौज कर दहेज में पांच लाख रुपयों की डिमांड की. इतना सुनते ही ऋचा ने शादी करने से मना कर दिया. ऋचा रिछाई स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करती थी. साहिल को शक था कि शादी से मना करने की वजह उसका किसी और से अफेयर है. इसे लेकर साहिल ने उसे फोन कर धमकी भी दी थी.

तीन दिन से हमले के चक्कर में फैक्ट्री के चक्कर काट रहा था

गढ़ा निवासी साहिल बीते तीन दिनों से रिछाई के चक्कर काट रहा था, पर ऋचा उसे नहीं मिली. गुरुवार 8 जनवरी की देर शाम को जब ऋचा फैक्ट्री से घर लौट रही थी, उसी दौरान साहिल अपने दोस्त अजय सिंह ठाकुर के साथ पहुंचा और उसे रोक लिया. ऋचा ने बात करने से मना किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद एएसपी जितेंद्र सिंह टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए सीसीटीवी खंगाले. एएसपी सिंह ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. आज शुक्रवार की सुबह साहिल और उसके दोस्त अजय को गिरफ्तार कर लिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-