मकर संक्रांति पर गंगासागर में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, किया पुण्य स्नान

 मकर संक्रांति पर गंगासागर में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, किया पुण्य स्नान

प्रेषित समय :11:32:03 AM / Wed, Jan 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोलकाता. मकर संक्रांति पर गंगासागर में आज सुबह लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया. त्रेता युग में स्वर्ग से उतरी गंगा ने सागर तट पर स्थित कपिल मुनि के आश्रम के पास भस्म हुए राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को स्पर्श कर जिस शुभ मुहूर्त में मोक्ष दिया था, उसी शुभ मुहूर्त में सदियों से गंगासागर स्नान की परंपरा है.

पुण्य स्नान के शुभ मुहूर्त में देश-दुनिया से पहुंचे तीर्थयात्रियों का गंगासागर में सैलाब उमड़ पड़ा है. राज्य सरकार ने अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन एक अंदाजा है कि करीब 15 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई है.
कपिल मुनि आश्रम के महंत ज्ञान दास ने बताया है कि आज बुधवार रात 9:19 सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा. इसके बाद पुण्य स्नान की शुरुआत होगी और यह गुरुवार दोपहर 1:20 तक जारी रहेगा. इसीलिए मूल रूप से गुरुवार सुबह ही मकर संक्रांति का पुण्य स्नान अधिक होगा.

श्रद्धालुओं ने बुधवार सुबह छह बजे से ही गंगा-सागर संगम पर स्नान प्रारंभ कर दिया है. सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सुबह होते ही श्रद्धालु अपने-अपने शिविरों से निकलकर संगम तट पर पहुंचे और गंगा व सागर के मिलन स्थल पर आस्था की डुबकी लगाई.

पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड के साथ-साथ नौसेना और तटरक्षक बल के 10 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है. अधिकारियों का अनुमान है कि लगभग 30 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगासागर पहुंचे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-