बिलासपुर. राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर बिलासपुर के रिवर व्यू में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शिरकत की. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया.
इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ग्रुप ने टी.आर. यादव के नेतृत्व में देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों पर इंस्ट्रूमेंटल प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा. सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की.
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वंदे मातरम् आज़ादी का शस्त्र है. हमारे वीर सेनानियों ने इसी गीत को गाते हुए हंसते-हंसते देश के लिए अपना बलिदान दिया.” उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और चेतना का संचार हो रहा है.
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने चेतना थीम पर आधारित अभियान की संक्षिप्त जानकारी दी.
कार्यक्रम में विधायकगण श्री अमर अग्रवाल, श्री धर्मजीत सिंह, श्री धर्मलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, सभापति श्री विनोद सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र स्वन्नी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

