राजधानी रायपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

राजधानी रायपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

प्रेषित समय :15:54:01 PM / Tue, Jan 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संयुक्त परेड की सलामी ली तथा प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.

राज्यपाल श्री डेका ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान में निहित मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र को और मजबूत बनाने का आह्वान किया.

समारोह के दौरान राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित भी किया.

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे. बच्चों ने “विकसित भारत” की परिकल्पना को रंगारंग और सजीव मंचन के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पहली प्रस्तुति में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सरगुजा की 206 छात्राओं ने “विकसित भारत, बढ़ता भारत” थीम पर शानदार प्रस्तुति दी. प्रस्तुति में बस्तर और सरगुजा अंचल की सांस्कृतिक खुशबू, विशेष पिछड़ी जनजातियों की पारंपरिक वेशभूषा में करमा एवं दमकच नृत्य, नारी शक्ति, सशक्त किसान और मजबूत जवान का संदेश प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया.

कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने तिरंगे के रंगों के साथ “जय जोहार, जय छत्तीसगढ़” के गगनभेदी उद्घोष से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-