एमपी युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव पर रेप की एफआईआर दर्ज, तीन साल तक शोषण का महिला ने लगाया आरोप

एमपी युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव पर रेप की एफआईआर दर्ज, तीन साल तक शोषण का महिला ने लगाया आरोप

प्रेषित समय :13:03:57 PM / Wed, Jan 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. युवक कांग्रेस के कुछ समय पूर्व नवनिर्वाचित प्रदेश सचिव ऋषभ मिश्रा के खिलाफ जबलपुर के लार्डगंज थाने में रेप की एफआईआर हुई है. आधारताल में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू काम करती है. उसका विवाह वर्ष 2016 में हुआ था. उसकी एक बेटी भी है. 

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान ऋषभ मिश्रा से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. इस दोस्ती की जानकारी जब महिला के पति को लगी तो उनके बीच विवाद बढऩे लगा. बाद में महिला अपनी बेटी के साथ पति से अलग रहने लगी.

गोवा घुमाने ले गया था, जहां कई बार संबंध बनाए

महिला का आरोप है कि मार्च 2022 में ऋषभ उसे उखरी रोड स्थित एक होटल में मिला. वहां शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद दिसंबर 2025 में ऋषभ मिश्रा महिला और उसकी बेटी को लेकर गोवा गया. वहां होटल में रुकने के दौरान फिर से शारीरिक संबंध बनाए.

शादी करने से इनकार 

महिला ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2025 में उसे जानकारी मिली कि ऋषभ मिश्रा की शादी कहीं और तय हो चुकी है. इसके बाद जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और कहा कि वह पहले से शादीशुदा है, इसलिए उससे विवाह नहीं कर सकता. महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई वर्षों तक उसका शोषण किया. बाद में जान से मारने की धमकी दी. महिला ने बताया कि धमकियों के चलते वह लंबे समय तक डरी रही. इस संबंध में अपनी मां और जीजा को भी जानकारी दी. वहीं इस संबंध में लार्डगंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-