भारत की सबसे लोकप्रिय और चर्चित क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज़ मिर्जापुर अब ओटीटी की दुनिया से निकलकर बड़े पर्दे पर अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार है। अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत मिर्ज़ापुर द फिल्म की शूटिंग आधिकारिक रूप से पूरी हो चुकी है। निर्माताओं ने इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के रैप होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है, जिसके बाद से फैंस के बीच उत्साह चरम पर पहुंच गया है। कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना त्रिपाठी को एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर देखने की खबर ने दर्शकों की बेसब्री और बढ़ा दी है।
मिर्ज़ापुर ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी दमदार कहानी, बेबाक संवादों और ताकतवर किरदारों के दम पर एक अलग ही पहचान बनाई है। अब इसी फ्रैंचाइज़ी का फिल्मी अवतार दर्शकों के सामने आने जा रहा है। जब से मिर्ज़ापुर द फिल्म का ऐलान हुआ था, तभी से दर्शक इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म की शूटिंग पूरी होने की पुष्टि करते हुए निर्माताओं ने फ्रैंचाइज़ी के आइकॉनिक और रोमांचक थीम म्यूज़िक के साथ एक पोस्ट साझा किया, जिसमें कैप्शन लिखा गया था, “It’s a wrap! Mirzapur The Film।” इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
मिर्ज़ापुर द फिल्म को पुनीत कृष्णा ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। यह फिल्म मिर्ज़ापुर की उसी कच्ची, हिंसक और सत्ता की लड़ाई से भरी दुनिया को बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जिसने वेब सीरीज़ को सुपरहिट बनाया था। फिल्म में वही किरदार और वही टकराव देखने को मिलेगा, जिसे दर्शक वर्षों से पसंद करते आ रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म में मिर्ज़ापुर के लगभग सभी लोकप्रिय और अहम किरदार नजर आने वाले हैं।
फिल्म में कालीन भैया के दमदार किरदार में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी दिखाई देंगे, जिनका अभिनय इस फ्रैंचाइज़ी की जान माना जाता है। वहीं गुड्डू पंडित के रोल में अली फ़ज़ल और मुन्ना त्रिपाठी के आइकॉनिक किरदार में दिव्येंदु शर्मा भी दर्शकों को फिर से रोमांचित करने वाले हैं। इनके अलावा अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। फैंस खासतौर पर मुन्ना भैया के किरदार को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जो वेब सीरीज़ में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
मिर्ज़ापुर द फिल्म को लेकर चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यह भारत की सबसे बड़ी क्राइम-थ्रिलर ओटीटी फ्रैंचाइज़ी का फिल्मी संस्करण है। यही वजह है कि इस फिल्म ने ऑरमैक्स सिनेमैटिक्स की मोस्ट अवेटेड हिंदी फिल्मों की सूची में भी अपनी जगह बना ली है। फिल्म को लेकर ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि इसकी रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग देखने को मिल सकती है, क्योंकि मिर्ज़ापुर का फैन बेस देश-विदेश में काफी बड़ा है।
ओटीटी से बड़े पर्दे तक का यह सफर मिर्ज़ापुर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। वेब सीरीज़ के रूप में जिस तरह मिर्ज़ापुर ने भारतीय डिजिटल कंटेंट की दिशा बदली, उसी तरह फिल्म के जरिए यह फ्रैंचाइज़ी सिनेमा हॉल्स में भी अपना असर दिखाने की तैयारी में है। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म में कहानी को और ज्यादा बड़े स्तर पर, ज्यादा इंटेंस और सिनेमाई अंदाज में पेश किया जाएगा, ताकि दर्शकों को एक नया अनुभव मिल सके।
मिर्ज़ापुर द फिल्म की रिलीज़ साल 2026 में होने वाली है, हालांकि इसकी सटीक रिलीज़ डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन शूटिंग पूरी होने की खबर के बाद यह साफ हो गया है कि फिल्म अब पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुकी है। आने वाले दिनों में फिल्म से जुड़े टीज़र, ट्रेलर और अन्य अपडेट्स भी सामने आ सकते हैं।
फिलहाल मिर्ज़ापुर के चाहने वालों के लिए यह खबर किसी उत्सव से कम नहीं है। कालीन भैया की सख्त नजर, गुड्डू भैया का गुस्सा और मुन्ना त्रिपाठी की सनक अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। मिर्ज़ापुर द फिल्म के साथ एक बार फिर सत्ता, बदले और खून-खराबे की कहानी सिनेमाघरों में गूंजने को तैयार है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

