महाराष्ट्र - कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, आनन-फानन में लिया गया ये फैसला

महाराष्ट्र - कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, आनन-फानन में लिया गया ये फैसला

प्रेषित समय :14:17:45 PM / Tue, Feb 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

संभाजीनगर. महाराष्ट्र के संभाजीनगर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का पता चला. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पंकजा ने तुरंत अपनी यात्रा रोक दी. पायलट की समय रहते दी गई चेतावनी के कारण एक संभावित खतरा टल गया, जिसके बाद पंकजा मुंडे ने कुछ देर के लिए अपनी यात्रा स्थगित कर दी.

लातूर में चुनाव प्रचार के लिए भरनी थी उड़ान

जानकारी के मुताबिक, पंकजा मुंडे को जिला परिषद चुनाव प्रचार के सिलसिले में संभाजीनगर से लातूर जाना था. वह हेलिकॉप्टर से रवाना होने ही वाली थीं कि पायलट ने मशीन में तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी. हालिया हादसों को देखते हुए उन्होंने उसी हेलिकॉप्टर से जाने का जोखिम नहीं उठाया. बाद में प्रशासन और उनकी टीम ने तय किया कि वह अब दूसरे हेलिकॉप्टर के जरिए लातूर की मीटिंग में शामिल होंगी ताकि चुनाव प्रचार प्रभावित न हो.

हादसों से सहमे नेता

गौरतलब है कि हाल ही में बारामती में हुए एक दर्दनाक प्लेन क्रैश में एनसीपी नेता और तत्कालीन डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया था. उस हादसे में उनके साथ 5 अन्य लोगों की भी जान चली गई थी, जिसके बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है. इस घटना ने राज्य के नेताओं को हवाई सफर के प्रति बेहद सतर्क कर दिया है. विमान हादसों का यह सिलसिला यहीं नहीं थमता; इससे पहले 12 जून 2025 को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी एयर इंडिया फ्लाइट 171 के क्रैश होने से मौत हो चुकी है. वहीं, 2021 में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को भी हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवानी पड़ी थी. इन लगातार हो रही घटनाओं के कारण अब वीआईपी उड़ानों से पहले सुरक्षा मानकों की दोगुनी जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-