थाना पहुंची युवती ने खाया जहर, पुलिस पर आरोपी को छोडऩे का आरोप

थाना पहुंची युवती ने खाया जहर, पुलिस पर आरोपी को छोडऩे का आरोप

प्रेषित समय :18:52:27 PM / Wed, Feb 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गोहलपुर थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली से परेशान होकर एक युवती द्वारा जहर खाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीडि़ता नेहा बडग़ैया ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि मारपीट और अपहरण की कोशिश की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय छोड़ दिया.

एसपी कार्यालय पहुंची ग्रीन सिटी निवासी नेहा बडग़ैया ने बताया कि 31 जनवरी की रात करीब 1.30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर राघवेंद्र पटेल ने उसके साथ मारपीट की. पीडि़ता का आरोप है कि राघवेंद्र अपने एक दोस्त और गर्लफ्रेंड मोना गोटिया के साथ उसे गाड़ी में बैठाकर जान से मारने की नीयत से पनागर ले जा रहा था लेकिन बाद में उसे रद्दी चौक पर फेंक कर भाग गए. पीडि़ता का कहना है कि जब वह गोहलपुर थाने शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी थी और एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी. पुलिस की इसी अनदेखी से परेशान होकर नेहा ने थाने के सामने से चूहा मार दवा खरीदी और थाने के अंदर ही उसे पी लिया. युवती द्वारा जहर खाने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन मुख्य आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है. आज पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-