जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में कार्यरत लगभग 19 हजार कर्मचारियों में से चयनित रत्न रूपी 58 रेलवे कर्मचारियों को उनकी अति-उल्लेखनीय एवं सराहनीय सेवाओं के लिए आज गुरुवार को आयोजित 70वें रेल सप्ताह समारोह 2025 के अवसर पर रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.
मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा ने भव्य समारोह में पुरस्कार प्रदान करते हुए कर्मचारियों के समर्पण, निष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की. समारोह को संबोधित करते हुए श्री तलरेजा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जबलपुर मंडल ने सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है. कर्मचारियों के अथक प्रयासों से रेलवे बोर्ड एवं मुख्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में मंडल सफल रहा है.
उन्होंने बताया कि मंडल को माल लदान के क्षेत्र में 44.00 मिलियन टन का अब तक का सर्वोच्च लक्ष्य प्राप्त हुआ है. दिसम्बर 2025 तक मंडल द्वारा 31.16 मिलियन टन माल लदान कर 3013.80 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लोडिंग में 9.84 प्रतिशत तथा माल भाड़ा आय में 14.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. मंडल की कुल आय भी बढ़कर 3881.65 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.12 प्रतिशत अधिक है. कर्मचारी कल्याण की दिशा में मंडल में 07 कमरों वाले हॉलिडे होम का शुभारंभ 20 अगस्त 2025 को किया गया. वर्ष के दौरान 2483 कर्मचारियों को पदोन्नति एवं 347 कर्मचारियों को एमएसीपी प्रदान की गई.
समारोह में लेखा, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सामान्य प्रशासन, विद्युत, यांत्रिक, मेडिकल, परिचालन, संरक्षा, कार्मिक, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा स्टोर्स विभाग के 58 कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार स्वरूप सराहनीय सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए. इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु 35 दक्षता शील्ड प्रदान की गईं.
वर्ष 2024-25 के लिए जबलपुर मंडल को वाणिज्यिक, विद्युत, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, सुरक्षा, परिचालन, कार्मिक, ऊर्जा संरक्षण, रनिंग रूम प्रबंधन एवं ओवर ऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित कुल 10 दक्षता शील्ड प्राप्त हुईं. मंडल रेल प्रबंधक ने महाप्रबंधक स्तर के व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बधाई देते हुए कहा कि ये पुरस्कार सभी रेलकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.
समारोह में पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, जबलपुर मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती आभारानी आनंद एवं डॉ. सुनीता टेलर, सचिव श्रीमती नीकिता सिन्हा, कोषाध्यक्ष श्रीमती चन्द्रिका गुप्ता, स्कूल इंचार्ज श्रीमती मरियम खान, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार, श्री सुनील टेलर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक2 शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (सम.) श्री राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रिंस विक्रम, मंडल कार्मिक अधिकारी (स्वतंत्र प्रभार) श्री वरुण चतुर्वेदी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री रजनी कांत साहू, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता श्री राम बदन मिश्रा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री स्वप्निल पाटिल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी श्री मुनव्वर खान सहित शाखाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे. आभार प्रदर्शन सहायक कार्मिक अधिकारी श्री पंकज कुमार सिन्हा द्वारा किया गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

