सीधी में बीएमओ को 5 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने पकड़ा, मनमाफिक मेडिकल रिपोर्ट बनाने मांगे थे रुपये

सीधी में बीएमओ को 5 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने पकड़ा, मनमाफिक मेडिकल रिपोर्ट बनाने मांगे थे रुपये

प्रेषित समय :15:58:26 PM / Sat, Feb 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम अमिहिया में लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की है. शनिवार सुबह बीएमओ डॉक्टर स्वतंत्र पटेल को 5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट में गहरा घाव लिखने के एवज में की गई.

मामला मऊगंज जिले के पाती गांव निवासी अंकित शुक्ला से जुड़ा है. करीब एक महीने पहले अमिलिया क्षेत्र में अंकित के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. कानूनी प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण और रिपोर्ट की आवश्यकता थी.

रिपोर्ट लिखने लिए रिश्वत

आरोप है कि बीएमओ डॉक्टर स्वतंत्र पटेल ने मेडिकल रिपोर्ट में गहरा घाव लिखने के लिए अंकित से 10 हजार की रिश्वत मांगी थी. लगातार गुहार लगाने के बाद रिश्वत की राशि 5,000 तय हुई. इसके बाद शिकायतकर्ता अंकित शुक्ला ने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई. लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन किया, जो सही पाया गया. सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई.

डॉक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

शनिवार सुबह करीब 10 बजे शिकायतकर्ता ने डॉक्टर स्वतंत्र पटेल को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी डॉक्टर को सीधी जिले के सर्किट हाउस लाया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. लोकायुक्त निरीक्षक एस. राम मरावी ने बताया कि शिकायत की पूरी तरह से जांच और सत्यापन के बाद ही यह कार्रवाई की गई. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस ऑपरेशन में 12 सदस्यीय टीम शामिल थी और सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी की गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-