बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म बैटल ऑफ गलवान की रिलीज डेट को लेकर अनिश्चितता बन गई है। फिल्म को पहले 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना तय था, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की शूटिंग पूरी न होने और रक्षा मंत्रालय की मंजूरी प्रक्रिया के कारण इसकी रिलीज आगे बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है और रीशूट में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है। जानकारी के मुताबिक 9 फरवरी से मुंबई के गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में एक सप्ताह का शूटिंग शेड्यूल शुरू होना है। इसके बाद भी कुछ हिस्सों की शूटिंग बाकी रहेगी और संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंत तक फिल्म की शूटिंग पूरी हो पाएगी।
बताया जा रहा है कि शूटिंग पूरी होने के बाद निर्देशक अपूर्व लाखिया रीशूट किए गए हिस्सों की एडिटिंग शुरू करेंगे। इसके अलावा नियमों के अनुसार फिल्म को रिलीज से पहले रक्षा मंत्रालय को भी दिखाना जरूरी है। यह प्रक्रिया भी समय लेने वाली हो सकती है। इन दोनों कारणों से फिल्म निर्माता तय समय पर रिलीज को लेकर आशंकित हैं।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि सलमान खान खुद इस फिल्म को लेकर काफी गंभीर हैं और वह चाहते हैं कि फिल्म को जल्दबाजी में रिलीज न किया जाए। उनका मानना है कि देशभक्ति पर आधारित इस फिल्म को बेहतर तरीके से तैयार किया जाना चाहिए ताकि दर्शकों को मजबूत और प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव मिल सके। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अंतिम फैसला अभी नहीं लिया गया है और आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि सलमान खान अपने फैसलों के लिए जाने जाते हैं और परिस्थितियों के बावजूद फिल्म को तय तारीख पर रिलीज करने का निर्णय भी ले सकते हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसकी संभावना कम मानी जा रही है।
फिल्म का टीजर पिछले साल सलमान खान के जन्मदिन पर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। जहां सलमान के प्रशंसकों ने टीजर को काफी पसंद किया, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने युद्ध के दृश्य में उनके भावों को लेकर ट्रोल भी किया था।
बैटल ऑफ गलवान एक युद्ध आधारित फिल्म है, जो साल 2020 में लद्दाख के वास्तविक गलवान घाटी संघर्ष की घटनाओं पर आधारित है। इस संघर्ष में भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ गया था और भारत के 20 सैनिकों ने अपनी जान गंवाई थी। फिल्म में उस घटना और सैनिकों के साहस को दर्शाने की कोशिश की गई है।
फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह, जैन शॉ, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी, विपिन भारद्वाज और हीरा सोहल जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह बना हुआ है, लेकिन अब सभी की नजर इसके नए रिलीज शेड्यूल पर टिकी हुई है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

