जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित शहपुरा भिटोनी निवासी करण मल्लाह ने मदन महल स्थित स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ अमित खरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी मारुति वैन का कथित रूप से फर्जी दुर्घटना प्रकरण में दुरुपयोग किया गया है.
मल्लाह ने लिखित शिकायत देते हुए बताया कि उनकी मारुति वैन पिछले छह माह से कुण्डम थाने में खड़ी है. शिकायत में कहा गया है कि वाहन को बिना उचित कार्रवाई के थाने में रखा गया है. बार-बार निवेदन के बावजूद उसे वापस नहीं किया जा रहा है. करण मल्लाह ने बताया कि उन्होंने 10 फरवरी 2026 को एसपी कार्यालय में इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी. उनका आरोप है कि शिकायत के बाद कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उनके घर पहुंचकर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं.
इनकार करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने अपने और परिवार पर हमले की आशंका जताई है. शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से वाहन जल्द वापस दिलाने और उन्हें तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने मामले की गंभीरता स्वीकार करते हुए बताया कि शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
उनके अनुसार पीडि़त को एक पुराने एक्सीडेंट और उससे जुड़े घाव के प्रकरण को लेकर कुंडम ले जाया गया थाए जहां उसकी वैन को जबरन क्षतिग्रस्त कर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया गया. प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. एडिशनल एसपी शर्मा ने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि यदि वाहन किसी वैध प्रकरण में जब्त है तो उसकी स्पष्ट जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए. वहीं यदि वाहन बिना उचित कारण के थाने में खड़ा पाया जाता हैए तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए. प्रशासन ने पीडि़त के आवेदन को जांच के लिए कुंडम थाना प्रभारी को भेज दिया है. अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा. उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

