सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में महाशिवरात्रि की सुबह बका से हमला कर पुजारी की हत्या कर दी गई. मृतक इन्द्रभान द्विवेदी (75) तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी थे. वे रविवार सुबह 8.30 बजे महाशिवरात्रि पर पूजा करने जा रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला अचानक हुआ. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए. हमलावर लाला केवट (55) ने वार कर इन्द्रभान को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.
आरोपी को लोगों ने पकड़ा
वारदात के फौरन बाद आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला. उसे घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया. पुलिस आरोपी लाला केवट को हिरासत में लेकर थाने लाई. उससे पूछताछ जारी है. हत्या की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ब्राह्मण होने की वजह से बैर रखता था आरोपी
स्थानीय वकील राजेंद्र तिवारी ने बताया की पंडित जी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. सिर्फ ब्राह्मण होने की वजह से उनकी हत्या की गई है. आरोपी शुरू से ही ब्राह्मण से बैर रखता है. उसकी इसी मानसिकता की वजह से पुजारी की जान गई है.
एक संदिग्ध को पकड़ा- एसपी
इन्द्रभान द्विवेदी की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, वे धार्मिक और सामाजिक रूप से सम्मानित व्यक्ति थे. सीधी के एडिशनल एसपी अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा गया है. जांच जारी है.


