जबलपुर. रेल परिचालन और वैगनों के रखरखाव की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार 18 फरवरी को पमरे के जबलपुर रेल मंडल के न्यू कटनी जंक्शन स्थित आरओएच डिपो में एक उच्च स्तरीय संरक्षा सेमीनार का आयोजन किया गया.
इस सेमीनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक, श्री सुनील टेलर मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उनके साथ वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजिनियर/टीआरओ, मंडल विद्युत इंजीनियर जबलपुर, मंडल यांत्रिक इंजीनियर आरओएच/ एनकेजे, एएम/एनकेजे, एवं एडीईएन सहित मंडल के अन्य तकनीकी अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे. इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु रेल कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच आपसी चर्चा के माध्यम से कार्य की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना था.
सेमीनार के दौरान रेल संरक्षा के अत्यंत संवेदनशील पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में रोल डाउन जैसी गंभीर घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए गए. इसके साथ ही, वैगनों में होने वाली तकनीकी समस्याओं जैसे हॉट एक्सल, फ्लैट टायर और लो टायर के कारणों और उनके निवारण पर गहन मंथन हुआ. रखरखाव की प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाने हेतु मेंटेनेंस एग्जामिनेशन कार्यों की समीक्षा की गई. चर्चा के दौरान वैगनों के व्यवस्थित रखरखाव और उनके गहन निरीक्षण पर विशेष बल दिया गया, ताकि परिचालन के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी विफलता की गुंजाइश न रहे.
सेमीनार के समापन पर अधिकारियों ने कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर कर्मचारियों से फीडबैक लिया. चर्चा का सारांश यह रहा कि सुरक्षित और सुचारू रेल संचालन के लिए तकनीकी दक्षता और सतर्कता का मेल होना आवश्यक है. रेल प्रशासन ने इस अवसर पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि संरक्षा से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण और चर्चा सत्र आयोजित किए जाते रहेंगे.

