मृत्यु भोज में मधुमक्खियों का कहर, एक की मौत, 20 से ज्यादा लोग घायल, 5 गंभीर

मृत्यु भोज में मधुमक्खियों का कहर, एक की मौत, 20 से ज्यादा लोग घायल, 5 गंभीर

प्रेषित समय :19:07:09 PM / Sun, Feb 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. एमपी के धार जिले में शनिवार की देर शाम एक परिवार के मृत्यु भोज कार्यक्रम में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा. कुछ ही मिनटों में खुशी और शांति का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. लोग जान बचाने के लिए भागते रहे, लेकिन मधुमक्खियों के डंक से कई लोग बुरी तरह घायल हो गए.

इस मधुमक्खियों के हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. पांच लोगों की हालत गंभीर है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.

कैसे हुआ मधुमक्खियों का हमला

जानकारी के अनुसार, धार जिले के डेहरी क्षेत्र के ग्राम झिगरी बयड़ी में शनिवार को एक परिवार ने परंपरानुसार मृत्यु भोज का आयोजन किया था. गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. भोजन परोसने की तैयारी चल रही थी और लोग आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान अचानक पास के पेड़ों पर बने छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड भड़क उठा. देखते ही देखते मधुमक्खियां कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं. मधुमक्खियों का हमला इतना अचानक और तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े, तो कुछ ने कपड़ों से चेहरा ढकने की कोशिश की. लेकिन मधुमक्खियों ने कई लोगों को लगातार डंक मारे. कुछ ही मिनटों में पूरा आयोजन स्थल खाली हो गया.

एक की मौत, 20 से ज्यादा घायल, पांच गंभीर

मधुमक्खियों के हमले में हुसैन पिता गुलाब, निवासी गातला, को गंभीर रूप से डंक लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनके शरीर पर कई जगह मधुमक्खियों ने हमला किया था. ज्यादा डंक लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं. इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर घायलों को तुरंत बाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार डेहरी में किया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-