कोलंबो. आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 8 चरण के अपने अंतिम मुकाबले से पहले इंग्लैंड के बॉलिंग कोच टिम साउदी ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की जमकर सराहना की और खराब फॉर्म से जूझ रहे जोस बटलर का समर्थन करते हुए कहा कि वह जल्द ही लय में लौटेंगे. इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है और अब शुक्रवार को कोलंबो में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा.
पाकिस्तान के खिलाफ हैरी ब्रूक की शानदार पारी की बदौलत सेमीफाइनल का टिकट कटाने वाली इंग्लैंड टीम इस मुकाबले में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी. साउदी ने मैच पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम अभी तक अपना “परफेक्ट गेम” नहीं खेल पाई है, लेकिन अलग-अलग खिलाड़ियों के योगदान से जीत दर्ज कर रही है, जो सकारात्मक संकेत है.
जोफ्रा आर्चर की बात करते हुए साउदी ने उन्हें “क्लास बॉलर” करार दिया. आर्चर इस टूर्नामेंट में अब तक इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं. छह मैचों में 10 विकेट लेकर उन्होंने अहम मौकों पर टीम को सफलता दिलाई है. साउदी ने कहा कि पिछले एक साल में आर्चर को करीब से जानने का मौका मिला और यह देखना शानदार रहा कि वह खेल से कितना प्यार करते हैं. “उन्हें क्रिकेट से और खासकर गेंदबाजी से बेहद लगाव है. उनके पास असाधारण कौशल है,” साउदी ने कहा.
साउदी ने यह भी कहा कि आर्चर को तकनीकी रूप से ज्यादा सलाह देने की जरूरत नहीं है क्योंकि उनके पास पहले से ही शानदार स्किल सेट है. “कभी-कभी उनके पास इतना कौशल होता है कि सही समय पर सही चीज चुनना अहम हो जाता है. हाल के मैचों में वह बेहतरीन रहे हैं और उम्मीद है आगे भी ऐसा ही जारी रहेगा,” उन्होंने जोड़ा.
तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन की भी साउदी ने तारीफ की. ओवरटन ने पांच मैचों में नौ विकेट लेकर इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दी है. साउदी ने कहा कि उनकी रफ्तार और गेंद को मूव कराने की क्षमता टीम के लिए बड़ा हथियार है. हालांकि श्रीलंका की धीमी पिचों को देखते हुए उनसे लेंथ पर विशेष ध्यान देने की बात की गई है.
इस दौरान चर्चा का केंद्र जोस बटलर भी रहे, जो इस टूर्नामेंट में अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. छह पारियों में वह केवल 62 रन बना सके हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 26 रहा है. साउदी ने बटलर की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा, “आप बटलर की गुणवत्ता पर कभी संदेह नहीं कर सकते. उनके नाम के साथ इतने आंकड़े जुड़े हैं जो बताते हैं कि वह इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ व्हाइट-बॉल बल्लेबाजों में से एक हैं.”
उन्होंने कहा कि हर बल्लेबाज के करियर में एक ऐसा दौर आता है जब रन नहीं बनते, लेकिन कभी-कभी एक अच्छी पारी सब कुछ बदल देती है. “हमें भरोसा है कि वह ज्यादा दूर नहीं हैं अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से,” साउदी ने कहा.
साउदी ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की हो चुकी है, टीम हर मैच जीतने के इरादे से उतरती है. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट में अलग-अलग परिस्थितियों में जीत दर्ज की है और कई खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई है. विल जैक्स जैसे खिलाड़ी ने नई भूमिका में आकर प्रभाव छोड़ा है, जबकि अन्य खिलाड़ी भी मौके का इंतजार कर रहे हैं.
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला सेमीफाइनल से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है. इंग्लैंड की नजर जीत की लय के साथ नॉकआउट चरण में प्रवेश करने पर है, जबकि न्यूजीलैंड भी मजबूत प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

