टी20 वर्ल्ड कप: भारत का विस्फोटक प्रदर्शन, जिम्बाब्वे के सामने 257 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य

टी20 वर्ल्ड कप: भारत का विस्फोटक प्रदर्शन, जिम्बाब्वे के सामने 257 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य

प्रेषित समय :21:54:28 PM / Thu, Feb 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चेन्नई. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 256/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया और 257 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया. यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है और मौजूदा टूर्नामेंट का अब तक का सर्वोच्च टीम टोटल भी.

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत आक्रामक रही. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी ने 22 गेंदों में 48 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. सैमसन ने 24 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने शानदार अंदाज में 30 गेंदों पर 55 रन ठोके, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे.

तीसरे नंबर पर उतरे ईशान किशन ने 24 गेंदों में 38 रन की पारी खेली और अभिषेक के साथ 72 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. सूर्यकुमार यादव ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में 13 गेंदों पर 33 रन बनाकर रनगति को और तेज किया.

आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने तूफानी बल्लेबाजी की. तिलक ने महज 16 गेंदों पर नाबाद 44 रन जड़े, जिसमें चार छक्के और तीन चौके शामिल थे. वहीं हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाते हुए दो चौके और चार छक्के लगाए. दोनों ने मिलकर अंतिम विकेट के लिए 84 रन की तेज साझेदारी की और टीम को 250 के पार पहुंचाया.

भारत ने इस पारी में कुल 17 छक्के लगाए, जो टी20 विश्व कप की एक पारी में भारत के संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के हैं. मौजूदा टूर्नामेंट में भारत अब तक 63 छक्के लगा चुका है, जो किसी एक संस्करण में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

जिम्बाब्वे की ओर से सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगरवा और टोनीटेंडा मपोसा ने एक-एक विकेट लिया. अब जिम्बाब्वे को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए ऐतिहासिक रन चेज करना होगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-