दुबई घूमने गए जबलपुर के चार परिवार फंसे, वीडियो जारी कर मदद मांगी, बोले, होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ाया

दुबई घूमने गए जबलपुर के चार परिवार फंसे, वीडियो जारी कर मदद मांगी, बोले, होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ाया

प्रेषित समय :15:28:30 PM / Tue, Mar 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. ईरान-इजराइल के चलते रद्द हुई उड़ानों के कारण जबलपुर के चार व्यापारी अपने परिवार सहित दुबई में फंस गए हैं. अनिश्चित हालात के चलते उनकी भारत वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है.

जानकारी के अनुसार शहर के व्यापारी शैलेश जैन, प्रशांत विश्वकर्मा, संजय सिंघई व प्रवीण जैन 21 फरवरी को परिवार के साथ दुबई गए थे,सभी को 28 फरवरी को लौटना था. इस दौरान क्षेत्र में तनाव बढऩे से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया. इससे वे वहीं रुकने को मजबूर हो गए हैं. दुबई में फंसे व्यापारियों ने आज दो वीडियो जारी करके अपनी स्थिति बताई. उन्होंने कहा कि जिस इलाके में वे रुके हैंए वहां स्थिति अभी सामान्य और सुरक्षित है. हालांकि एयरपोर्ट का संचालन और फ्लाइट्स फिर से कब सामान्य होंगी इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है जिससे चिंता बढ़ गई है.

व्यापारियों के मुताबिक लगातार बढ़ते होटल खर्च ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है. तनावपूर्ण हालात के बीच कई होटलों ने किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया है. लंबे समय तक ठहरने की मजबूरी से आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है. बच्चों और बुजुर्गों के साथ होने के कारण मानसिक दबाव भी महसूस हो रहा है. फंसे हुए व्यापारियों ने केंद्र सरकार से सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार विशेष व्यवस्था कर जल्द उन्हें स्वदेश लाने की दिशा में कदम उठाएगी.

इंदौर के पूर्व विधायक सहित कई यात्री लौट रहे-

यूएई में फंसे इंदौर के पूर्व एमएलए संजय शुक्ला सहित कई यात्री अब भारत लौट रहे हैं. दुबई और शारजाह में उड़ानें प्रभावित होने के चलते ये लोग पिछले कुछ दिनों से वहीं रुके हुए थे. लौटने वालों में पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल, आदित्य शर्मा सहित अन्य यात्री शामिल हैं.

आज भी दुबई में फंसे रहेंगे एमपी के लोग-

ईरान-इजराइल में युद्ध के बीच ईरान ने यूएई सहित आठ देशों में मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं. इसमें यूएई भी शामिल है. इसके कारण यूएई के सभी एयरपोर्ट दुबई, शारजाह और अबूधाबी बंद हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-