बिहार : नीतीश कुमार ने सीएम पद छोडऩे का किया ऐलान, कहा-राज्यसभा सांसद बनना मेरी इच्छा थी

बिहार : नीतीश कुमार ने सीएम पद छोडऩे का किया ऐलान, कहा-राज्यसभा सांसद बनना मेरी इच्छा थी

प्रेषित समय :12:01:19 PM / Thu, Mar 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटना/नई दिल्ली. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर पिछले 24 घंटों से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी. ऐसा कहा जा रहा था कि वे सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाएंगे. इन सभी अटकलों पर अब खुद सीएम नीतीश का बयान सामने आ गया है. इसमें उन्होंने भी साफ कर दिया है कि वे अब राज्यसभा जा रहे हैं. अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने सीएम पद छोडऩे का ऐलान कर दिया है.

नीतीश कुमार ने लिखा है कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा.

सोशल मीडिया पोस्ट में किया ऐलान

बिहार में चल रही सियासी सरगर्मी के बीच नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है. आगे लिखा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं.

सीएम हाउस के बाहर समर्थकों की भीड़

नीतीश कुमार को लेकर मंगलवार से ही अटकलों का बाजार गर्म था. हालांकि इन अटकलों में तेजी बुधवार शाम से आई. खबर सामने आने के बाद से ही नीतीश समर्थक सीएम हाउस के बाहर जुटना शुरू हो गए. इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी देखने को मिली.नीतीश के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की. नारेबाजी और समर्थकों की भीड़ के बाद खुद नीतीश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है.

बेटे निशांत को लेकर भी चर्चा जारी

नीतीश कुमार ने तय कर लिया है कि वे अब दिल्ली की राजनीति करेंगे. ऐसे में उनके उत्तराधिकारी को लेकर भी चर्चा तेज हो चली है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के बेटे को बिहार की राजनीति में एडजस्ट किया जाएगा. इसको लेकर कल पार्टी की मीटिंग भी की गई थी. राजनीतिक गलियारों में चल रही इस तरह की चर्चाओं को न तो पार्टी ने खारिज किया और न ही नीतीश कुमार ने खारिज किया है. ऐसे में माना जा रहा है कि निशांत अब अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभालेंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-