पाकिस्तानी क्रिकेटर ने कैंडी की होटल में महिला स्टाफ से की छेड़छाड़, 20 टी20 वर्ल्ड कप टीम मैनेजर ने मांगी माफी

पाकिस्तानी क्रिकेटर ने कैंडी की होटल में महिला स्टाफ से की छेड़छाड़, 20 टी20 वर्ल्ड कप टीम मैनेजर ने मांगी माफी

प्रेषित समय :14:49:06 PM / Thu, Mar 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोलंबो. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम एक नए विवाद में घिरती नजर आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के एक खिलाड़ी पर श्रीलंका के कैंडी स्थित होटल में महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है.

घटना के बाद टीम प्रबंधन ने मामले को आंतरिक स्तर पर संभालने की कोशिश की और संबंधित खिलाड़ी पर जुर्माना भी लगाया गया. हालांकि खिलाड़ी की पहचान अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने पाकिस्तान क्रिकेट की छवि पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

कैंडी के होटल में हुई कथित घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना श्रीलंका के कैंडी स्थित गोल्डन क्राउन होटल में हुई, जहां पाकिस्तान टीम टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ठहरी हुई थी. बताया जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम का एक खिलाड़ी होटल की महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने लगा. महिला कर्मचारी ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिसके बाद होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला.

टीम मैनेजमेंट ने संभाला मामला

होटल स्टाफ ने इस घटना की जानकारी तुरंत पाकिस्तान टीम के मैनेजर नावीद चीमा को दी. रिपोर्ट के मुताबिक होटल प्रबंधन खिलाड़ी के खिलाफ कड़ा कदम उठाना चाहता था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ी की ओर से माफी मांगी. इसके बाद आंतरिक कार्रवाई करते हुए खिलाड़ी पर जुर्माना लगाया गया और मामला फिलहाल वहीं शांत कर दिया गया.

पीसीबी की अनुशासन समिति ले सकती है फैसला

हालांकि मामला दबा दिया गया हो, लेकिन माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अनुशासन समिति इस घटना की जांच कर सकती है. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो खिलाड़ी को आगे और कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है.