रेल मंडल के कटनी में गुड्स ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतरे, यातायात ठप, जबलपुर से राहत गाड़ी मौके पर पहुंची

रेल मंडल के कटनी में गुड्स ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतरे, यातायात ठप, जबलपुर से राहत गाड़ी मौके पर पहुंची

प्रेषित समय :12:12:16 PM / Sat, Mar 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी मुड़वारा व न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) के बीच कोयले से भरी मालगाड़ी आज शनिवार की सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गये। कई डिब्बे पटरी से उतर गये, जिससे इस रेलमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। एनकेजे व जबलपुर से दुर्घटना राहत गाड़ी (एआरटी) मौके पर पहुंच चुकी है. वहीं जबलपुर से मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं.

उल्लेखनीय है कि जबलपुर में सुबह 10.50 बजे रेलवे ने खतरे का एक-एक करके 3 सायरन बजाया, जिससे रेल कर्मचारियों के साथ-साथ सायरन की आवाज सुनने वाले आम लोगों में भी किसी रेल दुर्घटना की आशंका से हड़कम्प मच गया. 

बताया जाता है कि कटनी मुड़वारा-एनकेजे लाइन में मालगाड़ी (बॉक्स एन) दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिसके चलते जबलपुर से भी दुर्घटना राहत गाड़ी रवाना की गई है। बताया जाता है कि दुर्घटना के कारण कई डिब्बे लाइनों में इधर-उधर हो गये, कई के तो पहिये तक निकल गये. जिससे यातायात प्रभावित होने के अलावा, रेल लाइन, ओएचई को भी नुकसान पहुंचा है.

यातायात प्रभावित, कई गाडिय़ां रुकी

बताया जाता है कि इस मेन लाइन पर दुर्घटना के कारण रेल संचालन ठप हो गया है. रेल प्रशासन ने फ्लाईओवर रेलमार्ग से यातायात को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. विदित हो कि कटनी मुड़वारा-एनकेजे लाइन माल गाडिय़ों के संचालन का सबसे व्यस्ततम मार्ग है.

इनका कहना..

कटनी मुड़वारा-एनकेजे के बीच गुड्स ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई है. यातायात प्रभावित है.  जिसे बहाल किये जाने का प्रयास किया जा रहा है. स्टाफ रेस्क्यू में लगा हुआ है.
डॉ. मधुर वर्मा, सीनियर डीसीएम, जबलपुर रेल मंडल.