एमपी : नरसिंहपुर में घर में मिले बुजुर्ग दंपति के शव, धारदार हथियार से गला, पेट रेत कर हत्या की आशंका

एमपी : नरसिंहपुर में घर में मिले बुजुर्ग दंपति के शव, धारदार हथियार से गला, पेट रेत कर हत्या की आशंका

प्रेषित समय :16:53:30 PM / Mon, Mar 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नरसिंहपुर. एमपी के नरसिंहपुर जिले के बम्होरी गांव में सोमवार 9 मार्च की दोपहर को एक बुजुर्ग दंपती के शव उनके ही घर में संदिग्ध अवस्था में मिले. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय छुट्टू चौधरी और उनकी 60 वर्षीय पत्नी खेरा बाई के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे दोहरी हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है.

घटना के बाद एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे. एसपी ने बताया कि बुजुर्ग दंपती की हत्या धारदार हथियार से की गई है. हमलावरों ने उनके गले और पेट पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

जुटाए जा रहे महत्वपूर्ण साक्ष्य

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल की घेराबंदी कर वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं. पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का सुराग मिल सके.

दहशत का माहौल

दिनदहाड़े घर के भीतर हुई इस वारदात के बाद बम्होरी गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए. पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-